मथुरा के लिए मेरठ से फोर्स,
मेरठ/ कल (आज) गुरूवार को मेरठ से कुछ फोर्स जिसमें महिला पुलिस कर्मी व ट्रैफिक पुलिस भी स्टॉफ शामिल रहेगा, मथुरा भेजा जा रहा है। ब्रज के बरसाना में लट्ठमार होली की परंपरा सदियों से चली आ रही है। इस मौके पर बरसाना की हुलियारने नंदगांव व ब्रज के दूसरे इलाकों से होली खेलने आने वालों का स्वागत लट्ठों से करती हैं। बरसाने की हुलियारनों के साथ होली खोलने आने वाले अपने साथ एक बड़ा लकड़ी की टोकरी सरीखा कव्ज रखते हैं। गीत गाते हैं। ये सारे गीत भाभियों पर आधारित होते हैं। ये गीत गाकर बरसाने की हुलियारनों को छेड़ते हैं, इनके गीतों पर हुलियारने इन्हें लट्ठ मारती हैं। इस दौरान पूरा वातावरण रंगों से सरोबार होता है। यह दृश्य अद्भुत होता है। इसको देखने के लिए देश ही नहीं दुनिया भर से लोग आते हैं। इस मौके पर बड़ा उत्सव सरीखा माहौल होता है। भीड़ ऐसी कि तिल रखने भर की जगह नहीं मिल पाती है। ऐसा लगता है कि मानों पूरी दुनिया ही बरसाने में उमड़ आयी हो।
होली के मौके पर वैसे भी पूरे मथुरा ही नहीं पूरे ब्रज में भारी भीड़ होती है। दुनिया भर से लोग पहुंचते हैं। होली से कई दिन पहले यहां रंगोत्सव शुरू हो जाता है। जब लोग इतनी बड़ी संख्या में जमा होते हैं तो उनके लिए व्यवस्था बनाए रखना भी किसी चुनौती से कम नहीं होता। इसी के चलते मेरठ से भी पुलिस फोर्स मथुरा भेजा जा रहा है। फोर्स में दरोगा, हेड कांस्टेबल, सिपाही, महिला पुलिस कर्मी व टैÑफिक पुलिस कर्मी शामिल रहेंगे। गुरूवार की सुबह ये फोर्स मथुरा के लिए रवाना होगा। वहां 10 मार्च तक रहेगा।