मुख्य उद्देश्य वक्फ (संशोधन) अधिनियम की विशेषताओं, लाभों और उद्देश्यों के विषय में जनता को जागरूक करना रहा


मेरठ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मेरठ महानगर द्वारा एक महत्वपूर्ण कार्यशाला एवं पत्रकार वार्ता का आयोजन क्षेत्रीय कार्यालय, हरमन सिटी, बागपत रोड पर किया गया। यह आयोजन ‘वक्फ सुधार जनजागरण अभियान’ के अंतर्गत किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य वक्फ (संशोधन) अधिनियम की विशेषताओं, लाभों और उद्देश्यों के विषय में जनता को जागरूक करना रहा। इस अवसर पर कार्यशाला के मुख्य वक्ता भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा रहे, जिन्होंने विषय पर व्यापक प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार यह अधिनियम वक्फ संपत्तियों के पारदर्शी और कुशल प्रबंधन का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की उस प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जो मुस्लिम समुदाय सहित समस्त समाज के हित में काम कर रही है। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मेरठ महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी ने की। उन्होंने अपने संबोधन में सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाने में पूर्ण समर्पण और निष्ठा से कार्य करें। उन्होंने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का आभार प्रकट किया और उन्हें अभियान के प्रति उत्साहित किया।
इस अभियान के मेरठ महानगर संयोजक के रूप में भाजपा महानगर महामंत्री महेश बाली को नियुक्त किया गया है महेश बाली पूरे अभियान के संचालन और क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संभालेंगे। कार्यशाला के पश्चात पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य वक्ता हरिओम शर्मा ने अधिनियम में किए गए प्रमुख संशोधनों की जानकारी विस्तार से दी गई।बताया कि यह राष्ट्रव्यापी अभियान आगामी महीने की 5 तारीख तक चलेगा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता विशेष रूप से मुस्लिम समुदायों के बीच जाकर संवाद करेंगे, भ्रांतियों को दूर करेंगे और संशोधित अधिनियम के प्रावधानों एवं लाभों को सरल भाषा में समझाएंगे। हरिओम शर्मा ने कहा कि संशोधित वक्फ अधिनियम से वक्फ संपत्तियों के दुरुपयोग पर प्रभावी रोक लगेगी। यह अधिनियम पारदर्शिता, जवाबदेही और प्रभावी प्रशासन सुनिश्चित करेगा। इसके माध्यम से इन संपत्तियों का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक कल्याण एवं समुदाय के आर्थिक उत्थान जैसे क्षेत्रों में किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर विवेक रस्तोगी ने कहा कि यह कार्यशाला भाजपा के राष्ट्रव्यापी जनजागरण अभियान को मेरठ में मजबूती देने वाला एक ऐतिहासिक प्रयास सिद्ध होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनसंपर्क के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुँच बनाएं और समाज को सशक्त एवं जागरूक बनाने में अपना योगदान दें।
यह आयोजन भाजपा की सक्रियता और समाज के प्रति उसकी जवाबदेही का परिचायक है, जिससे जनता और विशेषकर अल्पसंख्यक समुदाय को यह संदेश मिले कि सरकार उनके हितों की रक्षा और उनके सशक्तिकरण के लिए गंभीर प्रयास कर रही है। आज के इस मौके पर महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, पूर्व महानगर अध्यक्ष चरणसिंह लिसाड़ी, अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष अंजुम निजामी, महामंत्री पीयूष शास्त्री, महामंत्री अरविंद मारवाड़ी, दलजीत सिंह, डॉ आबिद, महेश बाली, दीपक शर्मा, नरेंद्र उपाध्याय, मीडिया प्रभारी अमित शर्मा आदि उपस्थित रहे/
अमित मालवीय ने कई बातों से उठाया पर्दा