ईद की खरीदारी को आयी महिला से भगत सिंह मार्केट में छेड़खानी
हिम्मत दिखाते हुए महिला ने शोहदे को दबोचा, जमकर हुआ हंगामा, गहमा-गहमी के बीच हाथ छुड़ाकर भागा आरोपी, मुकदमा दर्ज
मेरठ। शोहदों की वजह से महिलाओं का घर से निकला दुश्वार हो गया है। बाजारों में तो महिलाएं पूरी तरह से असुरक्षित नजर आती हैं। ऐसा ही एक मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के भगत सिंह मार्केट का है। जहां ईद की खरीदारी करने आयी सानिया पत्नी इमरान निवासी मौहल्ला ऊपरियान किठौर से शोहदे ने छेड़खानी की। उसको भरे बाजार में पीछे से आकर उसने रोक लिया। महिला बुरी तरह घबरा गयी। फिर हिम्मत जुटकर उसने छेड़खानी कर रहे युवक को दबोच लिया।
शोहदे को दबोचा तो वहां हंगामा हो गया
भगतसिंह मार्केट जैसे बेहद व्यस्त व भीड़ वाले बाजार में महिला ने जब शोहदे को दबोचा तो वहां हंगामा हो गया। भारी भीड़ जमा हो गयी। ईद की खरीदारी को बड़ी संख्या में महिलाएं बाजार में आयी हुई थीं। उन्होंने भी शिकायत की कि छेड़खानी व शोहदों की वजह से अब इस बाजार में खरीदारी को आना मुश्किल हो गया है। जिस वक्त बाजार में इस घटना को लेकर हंगामा व गहमा-गहमी हो रही थी पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसी दौरान आरोपी मौके से भाग गया। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।