आईआईएमटी विश्वविद्यालय में खेल महोत्सव का शुभारंभ, खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा, अर्जुन अवार्डी अशोक कुमार सिंह ने किया खेल महोत्सव का उद्घाटन
- मेरठ। कभी मनोरंजन के लिए खेले जाने वाले खेल आज करियर बन गए हैं। लेकिन खिलाड़ी को अपने खेल के प्रति समर्पित होने के साथ विषम परिस्थितियों का मुकाबला करने के लिए भी तैयार रहना चाहिए। आईआईएमटी विश्वविद्यालय में वार्षिक खेल महोत्सव शुभारंभ करने आए अर्जुन अवार्डी अशोक कुमार सिंह ने युवाओं से शिक्षा ग्रहण करने के साथ किसी न किसी खेल में भी अवश्य प्रतिभाग करने को प्रेरित किया।
- वार्षिक खेल महोत्सव जेस्ट 1.0 का शुभारंभ
आईआईएमटी विश्वविद्यालय मेरठ में बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल और कबड्डी के खिलाड़ियों के बीच वार्षिक खेल महोत्सव जेस्ट 1.0 का शुभारंभ किया गया। महोत्सव का शुभारंभ करने के लिए भारत के खेल जगत की सबसे बड़ी शख्सियत मेजर ध्यानचंद के बेटे, अर्जुन अवार्डी अशोक कुमार सिंह आईआईएमटी विश्वविद्यालय में पहुंचे। आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति योगेश मोहनजी गुप्ता ने अशोक कुमार सिंह का स्वागत किया।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए अर्जुन अवार्डी अशोक कुमार सिंह ने अपने पिता मेजर ध्यानचंद और अपने संघर्ष की कहानी खिलाड़ियों के साथ साझा की। उन्होंने कहा कि खेल के प्रति समर्पण, कड़ी मेहनत के साथ तकनीक पर भी ध्यान केंद्रित करना आवश्यक है।
आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति योगेश मोहनजी गुप्ता ने आईआईएमटी की खेल से जुड़ी उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी। कुलाधिपति जी ने कहा कि आईआईएमटी विश्वविद्यालय में उच्च शिक्षा प्रदान किए जाने के साथ उच्च कोटि की खेल सुविधाएं भी छात्रों को दी जाती हैं। विश्वविद्यालय के अनेक छात्र विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शन से देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
इस अवसर पर आईआईएमटी विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति डॉ0 हर्षित सिन्हा, स्कूल ऑफ फिजिकल एजुकेशन के डीन डॉ0 वीएस पटियाल, निदेशक प्रशासन डॉ0 संदीप कुमार, डीन एक्टिविटी डॉ0 लखविंदर सिंह, मीडिया प्रभारी सुनील शर्मा आदि मौजूद रहे।
अशोक कुमार ध्यानचंद के सामने कबड्डी का मैच खेल कर महोत्सव की शुरुआत की गई। खेल महोत्सव में मेरठ के स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, एमआईईटी कॉलेज, सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के अलावा गाजियाबाद, बड़ौत, बागपत, मुजफ्फरनगर और शामली के कॉलेजों से आई टीमें भी प्रतिभाग कर रहीं हैं। प्रतियोगिता में कबड्डी में 15 टीमें, वॉलीबॉल में 12, बास्केट बॉल में 11 और फुटबॉल में 13 टीमें भाग ले रही हैं। महोत्सव का समापन एक अप्रैल को पुरस्कार वितरण के साथ किया जाएगा।

