गौरव चौधरी के अपने हुए पराए

गौरव चौधरी के अपने हुए पराए
Share

गौरव चौधरी के अपने हुए पराए, मेरठ/ जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी की कुर्सी पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। उन पर पीएम मोदी व सीएम योगी की भ्रष्टचार के खिलाफ जीरो टालरेंस नीति के खिलाफ जाकर भ्रष्टाचार को संरक्षण के आरोप लग रहे हैं। सदस्यों ने मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को दर्जनभर सदस्य कमिश्नर सेल्वा कुमारी जे से मिले। उन्होंने कमिश्नर को शिकायतों का पुलिंदा सौंपा। सदस्यों ने कहा कि जिला पंचायत की निधि को खुर्दबुर्द किया जा रहा है। भ्रष्टचार को लेकर उन्होंने अध्यक्ष पर वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाते हुए अधिकार सीज करने की मांग की गई। वार्ड 33 से सदस्य सोनम के पति विपिन भड़ाना ने कहा कि जिला पंचायत में घोर अनियमितताएं हो रही हैं। लाइटों, सड़क निर्माण, कॉलोनी निर्माण, पदों पर मृतक आश्रित में रखे कर्मचारियों से लेकर तमाम कार्यों में भ्रष्टाचार किया जा रहा है। पंचायत अध्यक्ष महीनों विदेश यात्रा कर रहे हैं नियमानुसार ये गलत है। सरकारी पैसे को दोनों हाथें से लूटा जा रहा है। सेटिंग करके ठेके देकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। वार्ड-10 के सदस्य अश्वनी शर्मा ने कहा कि पंचायत सदस्यों को समान रूप से काम नहीं मिल रहा। वित्तीय अनियमितताएं लगातार हो रही हैं। पंचायत अध्यक्ष केवल अपने चहेतों को काम दे रहे हैं। इनके वित्तीय अधिकारों पर रोक लगनी चाहिए। जल्द से जल्द कमिश्नर इसकी जांच कराएं, ताकि कार्रवाई हो सके और अध्यक्ष को पद से हटाया जा सके।
उन्होंने कहा कि सदन में सवाल भी उठाया गया था कि कितनी अवैध कॉलोनी हैं, जिस पर जवाब दिया गया था कि 56 अवैध कॉलोनी हैं। दो को नोटिस जारी किए गए हैं। आरोप लगाया कि पंचायत अध्यक्ष अवैध कॉलोनियों को नोटिस भेजकर उगाही कर रहे हैं।
वार्ड-20 सदस्य प्रदीप कुमार ने आरोप लगाया कि मृतक आश्रित में चपरासी की नौकरी देकर लिपिक बनाया है, जो कि उनके कार्यक्षेत्र में नहीं है। साढ़े 8 करोड़ की लाइट खरीदीं। 2 वर्ष की गारंटी वाली लाइटें 2 महीने में खराब हो गईं। निर्माण कार्यों के टेंडर में सेटिंग से 6 ठेकेदारों को काम दिया गया है। राज्य की बिना अनुमति के मेरठ जिला पंचायत विदेश के दौरे कर रहे हैं। इस दौरान वार्ड 24 से सुनील कुमार, वार्ड 8 से अरुणा भारती, वार्ड 7 से सुमन शेखर, वार्ड 2 से मुनेश जितेंद्र, वार्ड 32 से विनय कुमार, वार्ड 15 से मीतन कुमार मौजूद रहे।
सपाई हैं बता रहे हैं भाजपाई
वहीं दूसरी ओर जिपं अध्यक्ष गौरव चौधरी का कहना है कि जो लोग छह कुछ समय पहले सपाई थे अब वो खुद को भाजपाई साबित करने में लगे हैं। ऐसे लोग अनैतिक कार्यों के लिए दबाव बनाना चाहते हैं। कमिश्नर को जो शिकायत दी गई हैं, वह पूरी तरह निराधार हैं। हम किसी के दबाव में आने वाले नहीं हैं।

@Back Home

 


Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *