मेरठ। देश के बड़े किसान नेता निखिल राव यूपी के किसानों को हो रही परेशानी से जबरदस्त गुस्से में है। उन्होंने इसके लिए अधिकारियों को आडे हाथों लेते हुए उन्हें कड़ी फटकार लगायी है। रविवार को भारतीय किसान यूनियन किसान सभा की ओर से ग्राम पंचायत कुशावली में ग्राम अध्यक्ष रहीसुदीन के यहाँ एक महत्वपूर्ण सभा का आयोजन किया गया। इस सभा की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष चौधरी निखिल राव ने की। सभा में किसानों और मजदूरों की समस्याओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। अपने संबोधन में चौधरी निखिल राव ने कहा कि सरधना क्षेत्र में किसानों को डी.ए.पी. खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिसके कारण फसलें प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सोसाइटी संचालक खाद को ब्लैक में डीलरों को बेच रहे हैं, जो अपने गोदामों में स्टॉक कर उसे मुनाफाखोरी के तहत ऊँचे दामों पर किसानों को बेचते हैं, जिससे किसान वर्ग अत्यधिक परेशान है।
निखिल राव ने दी चेतावनी
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यह भ्रष्टाचार शीघ्र नहीं रोका गया, तो भारतीय किसान यूनियन (किसान सभा) के कार्यकर्ता मजबूती के साथ जिला कृषि अधिकारी, मेरठ का घेराव करेंगे।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसान और मजदूर वर्ग के साथ किसी भी प्रकार का शोषण या भ्रष्टाचार अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभा के दौरान संगठन का विस्तार भी किया गया, जिसमें पवन चौधरी को ग्राम अध्यक्ष झिटकरी, विकास सोम को ग्राम महासचिव कुशावली के पद पर मनोनीत किया गया। सभा में शहरोज मलिक, मनोज पाल, सरफराज अंसारी, गौरव सोम, सरताज, आसिफ, वसीम सहित अनेक किसान साथी उपस्थित रहे।