पुलिस ने अजय राय को रोका हंगामा

kabir Sharma
4 Min Read
WhatsApp Channel Join Now

नहीं जाने दिया आगे, भंगेला चौकी में बैठाए रखा, रंजन शर्मा के आवास पर पहुंचकर किया शोक व्यक्त, शारदा रोड पर फिर अजय राय को रोका

नई दिल्ली/मुजफ्फरनगर/। खतौली में कांग्रेसियों और पुलिस के बीच जमकर धक्का मुक्की हुई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय मुज़फ्फरनगर में मृतक रोहित कश्यप उर्फ सोनू के पीड़ित परिजनों से मुलाक़ात के लिए जा रहे थे। इसी दौरान खतौली थाना क्षेत्र की भंगेला चौकी पर पुलिस प्रशासन ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें जबरन रोक दिया। पूरा इलाका अधिकारियों ने छावनी में तब्दील कर दिया था। यहां अफसरों के साथ अजय राय की काफी कहासुनी हुई, लेकिन अजय राय पीड़ित परिवार से मिलने पर अड़े रहे जिसके बाद उन्हें अरेस्ट कर लिया गया। लेकिन अधिकारियों ने आगे जाने देने से साफ मना कर दिया।

योगी सरकार पर बरसे अजय राय

इसको लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सूबे की योगी सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि सीएम योगी अब कांग्रेसियों से डरने लगे हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित के पास तक उन्हें ना जाने देना इस बात का परिचायक है कि योगी सरकार अब प्रदेश की जनता को सुरक्षा देने में सक्षम नहीं रह गयी है। प्रदेश की जनता इस सरकार को उखाड़ फैंकेगी। इस दौरान पूर्व मंत्री सईदजमा द्वारा वीडियो कॉल के माध्यम से अजय राय की बातचीत मृतक की बहन आरती कश्यप से कराई गई। अजय राय जी ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि कांग्रेस पार्टी उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और न्याय की यह लड़ाई किसी भी कीमत पर अंत तक लड़ी जाएगी।

रंजन शर्मा को दी सात्वंना

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय मेरठ पहुंचे जहाँ उन्होंने महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रंजन शर्मा के ब्रह्मपुरी स्थित आवास पर जाकर उनके माता-पिता के निधन पर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। शोकाकुल परिवार से मिलते समय अजय राय भावुक हो गए। उन्होंने कहा “रंजन शर्मा के माता-पिता का इस प्रकार एक साथ चले जाना अत्यंत पीड़ादायक है। यह केवल उनके परिवार का नहीं, बल्कि पूरे कांग्रेस परिवार का अपूरणीय नुकसान है। इस दुःख की घड़ी में कांग्रेस पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता रंजन शर्मा और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और परिजनों को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति दें।” उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी रहेगी।

शारदा रोड पर रोका हंगामा

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अध्यक्ष अजय राय कुराली गाँव के लिए ब्रह्मपुरी जहां सड़क दुर्घटना में मृतक राजकुमार और राजू के परिजनों से मिलने के लिए रवाना हुए तो शारदा रोड पर ब्रह्मपुरी क्षेत्र में पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर उनके काफ़िले को रोक दिया। इस पर अजय राय ने तीखा सवाल उठाते हुए कहा कि “क्या अब प्रदेश में किसी मृतक के घर शोक व्यक्त करने के लिए भी योगी सरकार से अनुमति लेनी पड़ेगी? क्या यह लोकतंत्र है या तानाशाही? क्या अब हर संवेदना पर भी सरकार का पहरा होगा?” उन्होंने कहा कि योगी सरकार में संवेदना, सहानुभूति और जनप्रतिनिधियों की आवाज़ को भी कुचलने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस पार्टी कभी स्वीकार नहीं करेगी।

- Advertisement -

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर हरिकिशन आंबेडकर, विशाल वशिष्ठ, जाहिद अंसारी, धूम सिंह गुर्जर, विवेक त्यागी, संजीव शर्मा, नसीम खान, दिनेश उपाध्याय, मनोज कुराली, किरण बाला, शिवकुमार शर्मा, सुमित विकल, राकेश त्यागी, डॉ. इक़बाल, मगन शर्मा, सचिन शर्मा, शुभोध शर्मा, अशोक सैनी, विवेक त्यागी, अभिमन्यु त्यागी, कल्लू मलिक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

WhatsApp Channel Join Now
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *