आप की तिरंगा पद यात्रा

kabir Sharma
4 Min Read
WhatsApp Channel Join Now

संविधान व लोकतंत्र के प्रति जतायी आस्था। शहर भर में घूमी पद यात्रा, कार्यकर्ताओं ने कई स्थानों पर किया स्वागत

मेरठ। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त करते हुए आम आदमी पार्टी, मेरठ द्वारा एक भव्य एवं अनुशासित तिरंगा पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश प्रवक्ता अंकुश चौधरी के नेतृत्व में निकाली गई। तिरंगा पदयात्रा का शुभारंभ मेरठ दक्षिण स्थित चार खंबे से हुआ, जो भूमिया के पुल, हापुड़ अड्डा होते हुए गांधी आश्रम, मेरठ पहुँची, जहाँ पूरे सम्मान और गरिमा के साथ इसका समापन किया गया। पदयात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों की गूंज, हाथों में लहराता तिरंगा और “भारत माता की जय”, “संविधान बचाओ–लोकतंत्र बचाओ” के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति और जनचेतना से ओतप्रोत रहा।

बड़ी संख्या में शामिल हुए कार्यकर्ता

इस तिरंगा पदयात्रा में आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर पदयात्रा का भव्य स्वागत किया। गांधी आश्रम पहुँचकर पदयात्रा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश प्रवक्ता अंकुश चौधरी ने कहा कि “आज देश में राष्ट्रवाद के नाम पर संविधान को कमजोर करने की कोशिशें की जा रही हैं। आम आदमी पार्टी स्पष्ट कहना चाहती है कि तिरंगे का सम्मान तभी सार्थक है, जब संविधान और लोकतंत्र सुरक्षित रहें।” उन्होंने कहा कि भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा लिखित संविधान देश के गरीब, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और आम नागरिक की ढाल है। “जो लोग संविधान बदलने की बात करते हैं, वे असल में आम जनता के अधिकार छीनना चाहते हैं।”
अंकुश चौधरी ने आगे कहा कि “आज महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए जनता को बांटने की राजनीति की जा रही है। आम आदमी पार्टी ऐसी राजनीति का पुरजोर विरोध करती है और जनहित की राजनीति को आगे बढ़ाती रहेगी।”

सत्ता से सवाल पूछने का दिन

उन्होंने यह भी कहा कि “26 जनवरी केवल झंडा फहराने का दिन नहीं, बल्कि सत्ता से सवाल पूछने और संविधान के मूल्यों—समानता, न्याय और भाईचारे—की रक्षा का संकल्प लेने का दिन है।” उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि “यदि संविधान और लोकतंत्र पर किसी भी तरह का हमला हुआ, तो आम आदमी पार्टी सड़कों से लेकर सदन तक जनता की आवाज बनेगी।” कार्यक्रम के अंत में गांधी आश्रम परिसर में सामूहिक राष्ट्रगान के साथ तिरंगा पदयात्रा का शांतिपूर्ण, गरिमामय और ऐतिहासिक समापन किया गया।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश प्रवक्ता अंकुश चौधरी के साथ जिला संरक्षक एस० के० शर्मा, महानगर अध्यक्ष अंकित गिरी, जिला महासचिव गुलशन राजवंशी, दक्षिण विधानसभा अध्यक्ष सलीम मंसूरी, जिला अध्यक्ष शिक्षक प्रकोष्ठ हेम कुमार, कैंट विधानसभा अध्यक्ष भारत लाल यादव, सरधना विधानसभा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, महिला जिला अध्यक्ष नीलम शर्मा, रंजना तिवारी, विचित्र सिसोदिया, गुरमिंदर सिंह, फारूक किदवई, तरिकत पंवार, यासीन मलिक, कैप्टन कपिल शर्मा, रियाजुद्दीन, देव अग्रवाल, अजय कुमार, अमित कुमार, हाजी यूनुस, आसिफ मलिक, असगर सिद्दीकी, वैभव मलिक, आफताब, करण दिलशाद सहित आम आदमी पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

- Advertisement -
WhatsApp Channel Join Now
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *