निजीकरण के विरोध में प्रदेश व्यापी प्रदर्शन

kabir Sharma
4 Min Read
WhatsApp Channel Join Now

इलेक्ट्रिसिटी (अमेंडमेंट) बिल के विरोध में ‘लाइटनिंग एक्शन की चेतावनी, सरकार लगाए रोक, आंदोलन के लिए सरकार होगी जिम्मेदार

मेरठ। निजीकरण और इलेक्ट्रिसिटी (अमेंडमेंट) बिल के विरोध में बिजली कर्मियों ने मेरठ समेत प्रदेश व्यापी प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निजीकरण का टेंडर हुआ तो जेल भरेंगे और बिल पारित करने का प्रयास किया गया तो ‘लाइटनिंग एक्शन होगा। संघर्ष समिति के संयोजक आलोक त्रिपाठी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सहित देश के सभी राज्यों में लाखों बिजली कर्मियों ने कार्य बन्द कर व्यापक विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश के सभी जनपदों में बिजली कर्मचारी, जूनियर इंजीनियर और इंजीनियर कार्यालयों से बाहर आकर बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि यदि उत्तर प्रदेश में चल रही निजीकरण की प्रक्रिया निरस्त नहीं की गई और निजीकरण के लिए टेंडर जारी किया गया, तो प्रदेश के सभी बिजली कर्मचारी, जूनियर इंजीनियर और इंजीनियर सामूहिक जेल भरो आंदोलन प्रारम्भ करेंगे, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।

देश भर में होगी तीखी प्रतिक्रिया

समिति ने यह भी कहा कि यदि संसद के बजट सत्र में इलेक्ट्रिसिटी (अमेंडमेंट) बिल पारित करने का प्रयास किया गया, तो इसकी तीखी प्रतिक्रिया होगी। देश के लगभग 27 लाख बिजली कर्मचारी बिना किसी अतिरिक्त नोटिस के तत्काल कार्य बन्द कर ‘लाइटनिंग स्ट्राइक पर चले जाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी केंद्र सरकार की होगी। आज का आंदोलन पावर सेक्टर के निजीकरण के विरोध में,इलेक्ट्रिसिटी (अमेंडमेंट) बिल 2025 एवं प्रस्तावित नेशनल इलेक्ट्रिसिटी पॉलिसी 2026 को वापस लेने, उत्तर प्रदेश में चल रही निजीकरण प्रक्रिया को निरस्त करने तथा बिजली कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांगों को लेकर की गई है।
संघर्ष समिति ने बताया कि पहली बार बिजली कर्मचारियों के समर्थन में संयुक्त किसान मोर्चा और दस केंद्रीय ट्रेड यूनियनों ने भी आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की। बिजली कर्मचारियों, इंजीनियरों, मजदूर संगठनों और किसानों की संयुक्त एकजुटता के कारण यह आंदोलन स्वतंत्र भारत के महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक आंदोलनों में शामिल हो गया है। संघर्ष समिति ने कहा कि पावर सेक्टर में नियमित प्रकृति के कार्यों के लिए बड़े पैमाने पर आउटसोर्सिंग की जा रही है, जिससे न केवल कर्मचारियों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है बल्कि बिजली व्यवस्था की गुणवत्ता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। प्रमुख मांगों में आउटसोर्सिंग पर रोक, नियमित पदों पर सीधी भर्ती तथा आउटसोर्स कर्मियों का नियमितीकरण शामिल है।

निजीकरण में आम आदमी का अहित

संघर्ष समिति ने चिंता व्यक्त की है कि बिजली क्षेत्र का निजीकरण (वितरण, उत्पादन तथा टीबीसीबी के माध्यम से ट्रांसमिशन) गरीब उपभोक्ताओं, छोटे एवं मध्यम उद्योगों तथा आम जनता के हितों के विरुद्ध है। इसलिए इलेक्ट्रिसिटी (अमेंडमेंट) बिल 2025 और प्रस्तावित नेशनल इलेक्ट्रिसिटी पॉलिसी 2026 को तत्काल वापस लिया जाना आवश्यक है।

ये रहे मौजूद

आज मेरठ में विरोध सभा कार्यालय मुख्य अभियंता वितरण क्षेत्र प्रथम/द्वितीय के प्रांगण, विक्टोरिया पार्क मेरठ में हुआ जिसमें मुख्यत: सीपी सिंह, विपिन कुमार, सौरभ, गुरुदेव सिंह, गोपी चंद, अश्विनी, कपिल देव, महेश शर्मा, सुरेंद्र कुमार, रविंद्र मौतला, मांगेराम आदि उपस्थित रहे।

- Advertisement -
WhatsApp Channel Join Now
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *