

किसानों के धरने पर बैठते ही तेवर ढ़ीले, किसान दिवस में 50 में 36 समस्याओं का समाधान, जिला कृषि अधिकारी को और 25 नई समस्याओं की सूची थमाई
मेरठ। सप्ताह भर में यह दूसरा मौका था जब अफसर भारतीय किसान यूनियन के सामने ढीले पड़े। हुआ यूं कि भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के साथ जब अपनी रूकी हुई ब्याज अनुदान के लिए किसान उप आयुक्त/उप निबंधक से मिलने पहुंचे और उन्हें लगा कि उप निबंधक टालमटोल के मूड में हैं तो वो वहीं उपनिबंधक के कक्ष में धरने पर बैठ गए। बस फिर क्या था उपनिबंधक ने सचिव बी.पैक्स को तुरंत पत्र लिख कर ब्याज अनुदान की रूकी हुई राशि किसानों के खातों में ट्रांसफर करने के निर्देश दिए। अनुराग चौधरी ने बताया कि यह मामला आज किसान दिवस के मौके पर भी उठाया गया। उसके बाद उप निबंधक दीपक कुमार से मिलने को वह सभी किसानों को लेकर उनके कार्यालय आ गए। वहीं पर वह अन्य किसानों के साथ धरने पर बैठ गए। इसके अलावा अनुराग चौधरी सीडीओ की अध्यक्षता में हुई किसान दिवस की बैठक में भी शामिल हुए।
सचिव को लिखा पत्र
उपा आयुक्त/उप निबंधक के पत्र सचिव बी. पैक्स के पत्र में लिखा गया है कि किसान दिवस की बैठक में किसानों ने बताया कि उनके द्वारा साल 2023-24 तथा 2024-25 में लिए गए ऋण की अदायगी के उपरांत उनके खातों में ब्याज अनुदान की धनराशि स्थानांतरित नहीं की गयी है। ऐसे किसान जिनके द्वारा साल 2023-24 व 2024-25 में वसूल किए गए ऋण के ब्याज अनुदान की धनराशि ऋण पोर्टल पर प्राप्त प्रार्थना पत्र के उपरांत उनके खातों में स्थानांतरण करना सुनिश्चित करें। अनुराग चौधरी ने यह भी बताया कि पत्र में यह भी कहा गया है कि साल 2024-26 में लिए गए ऋण को भारत सरकार के ऋण पोर्टल पर समयान्तर्गत प्रविष्टियां करना सुनिश्चित करें।
किसानों की समस्या पर सौपा पत्र
इसके अलावा किसान दिवस की बैठक में जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार के समक्ष किसानों की खाद सरीखी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। राजीव कुमार से आग्रह किया गया कि इन सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाए। बैठक में दी गयी ५० में से ३६ मांगों का समाधान कर दिया गया। इसके अलावा २५ नयी मांगों की सूची दी गयी है।