नाले बनाकर सफाई कराना भूला निगम

kabir Sharma
6 Min Read
WhatsApp Channel Join Now

नगर स्वास्थ्य अधिकारी को नहीं फुर्सत, नाले नालियों का पानी पाइप से पहुंच रहा घरों में, वेस्टर्न कचहरी रोड का है बुरा हाल

मेरठ। सीएम ग्रिड हो या कोई दूसरी योजना महानगर में नाले नालियों को बनवाने वाला नगर निगम प्रशासन उनकी साफ सफाई का मुक्कमल इंतजाम करना भूल गया है। कई स्थानों पर तो तकनीकि खामियों के चलते नाले नालियों का पानी बैक मार रहा है, यानि विपरीत दिशा में जा रहा है। विपरीत दिशा में बहने की वजह से यह गली और सड़कों पर फैल गया है। नतीजा यह कि लोगों का रास्तों से निकलना भी दुश्वार हो गया है। ऐसा नहीं कि नगर निगम के अफसर इससे अंजान हों। इसको लेकर महानगर के लोग इतनी ज्यादा शिकायतें कर चुके हैं कि शिकायती पत्रों से अलमारी भर जाए, लेकिन लगता है कि शिकायती पत्रों से बजाए आफिस की अलमारी भरने के बजाए अफसर इन शिकायती पत्रों को रद्दी की टोकरी में डंप कर देते हैं और शिकायत जहां की तहां बनी रहती है।

बुरा हाल है वेस्टर्न कचहरी रोड का

सिविल और लालकुर्ती थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली वेस्टर्न कचहरी रोड पर सीएम ग्रिड योजना के तहत नाला बनाया गया। नाला बनाने के नाम पर खुदाई की वजह से महीनों यहां की सड़क किसी गांव के खेत मानिंद नजर आती थी मसलन कई बार तो यहां से पैदल गुजरना भी दुश्वार हुआ करता था। इसी दौरान भयंकर बारिशें भी हुईं। बारिशों में यह पूरी सड़क नारकीय अवस्था में पहुंच गयी। बारिश भी थम कई उसके बाद भी काम करीब तीन महीने से ज्यादा अरसे से बंद रहा। वेस्टर्न कचहरी रोड पर काम क्यों बंद रखा गया। किसी के आदेश पर रखा गया। किसे फायदा या नुकसान पहुंचाने के लिए रखा गया, ये तमाम बातें तो जांच कराए जाने के बाद ही ठीक-ठीक बतायी जा सकती हैं, लेकिन जांच कराएगा कौन हमाम में सभी नंगे हों।

सांसद का आवास विधायक का निवास

वेस्टर्न कचहरी रोड पर बागपत से सांसद राजकुमार सांगवान का भी आवास और यदि एक गली पार कर ली जाए तो कैंट विधायक अमित अग्रवाल का भी निवास है। दोनों ही सत्ताधारी दल से हैं। यहीं पर भाजपा के बड़े नेता अश्वनी त्यागी भी रहते हैं और आरटीआई एक्टिविस्ट संदीप पहल का भी मकान है। उसके बाद भी वेस्टर्न कचहरी रोड की यदि बात की जाए तो यहां जो नाले नालियां बनायी गयी है या जितनी भी बनायी गयी हैं उसकी एक बार भी साफ सफाई नहीं करायी गयी है। नालियां गंदगी से बजबजा रही हैं।

मच्छरों व सडांध की वजह से रहना मुश्किल

संदीप पहल बताते हैं कि नाले नालियों की सफाई ना होने तथा कुछ जगह नालियों में पानी के बैक मारने की वजह से मच्छर पनप रहे हैं। अभी इतनी ज्यादा गर्मी नहीं आयी है कि मच्छर पनपने लगें, लेकिन नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की कारगुजारियों की वजह से यहां गर्मी के आने से पहले ही मच्छर पनप गए हैं। हालत इतनी ज्यादा खराब है कि पानी के बैक मारने की वजह से यह नालियों का पानी अब पेयजल आपूर्ति के पाइपों के जरिये घरों में पहुंच रहा है। यहीं पर बुक सेलर की दुकान चलाने वाले अखिल बताते हैं कि सफाई ना होने की वजह से नालियों में दो फुट तक गाद जम गयी है। इसके अलावा नालियों में कूडा-कचरा जमा है। वो बताते हैं कि इसकी वजह से मच्छर पनप रहे हैं और मच्छरों की वजह से दुकाने में बैठना भी दुश्वार हो जाता है।

- Advertisement -

महामारी से पूर्व की स्थिति

नगर निगम के सफाई विभाग की बदौलत वेस्टर्न कचहरी रोड की जो दशा बना दी गयी है वो महामारी से पूर्व की स्थिति का आभास दिला रही है। नगर निगम ने यदि इस ओर ध्यान नहीं दिया तो यहां घर-घर में डायरियों और डेंगू के मरीज मिलेंगे। इन बीमारियों को फैलने के लिए किसी मौसम बिशेष का इंतजार नहीं होता है। जहां भी गंदगी होती है और मच्छर पनपते हैं, वहां ये बीमारियां खुद ब खुद फैलने लगती हैं। हैरानी तो इस बात की है कि इस रोड पर कई हॉस्टल जिनमें गर्ल्स हास्टल के अलावा आरटी इंटर और आरजी डिग्री कालेज भी हैं। जिनमें बड़ी संख्या में बच्चियां पढ़ने के लिए जाती हैं। यदि बीमारियां फैलने की नौबत आ जाती तो तो लाजमी है कि आरजी में पढ़ने के लिए आने वाली बच्चियां भी इनकी चपेट में आएंगी।

यह कहना है नगर स्वास्थ्य अधिकारी का

इस संबंध में नगर निगम के नगर स्वास्थ्य अधिकारी अमर सिंह अवाना का कहना है कि वह इस इलाके में अभियान चलाकर सफाई कराएंगे।

WhatsApp Channel Join Now
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *