एक लाइट तक ठीक नहीं करा पा रहे काहे के पार्षद

kabir Sharma
4 Min Read
WhatsApp Channel Join Now

नगर निगम का स्टाफ सुनने को तैयार नहीं, पार्षद दे चुके हैं खराब लाइटों की सूची, सत्ताधारी दल पार्षद भी पब्लिक के काम ना हो पाए की वजह से कुंठा में, स्टाफ सुनने को तैयार नहीं

मेरठ। भले ही नगर निगम के पार्षद हो और इतना ही नहीं पार्षद भी सत्ताधारी दल से, उसके बाद भी यदि अपने वार्ड की लाइटें तक ठीक नहीं करा पा रहे तो फिर कुंठा तो होना बनती है। इलाके में निगम का जो लाइनमेन है, उसको कई बार खराब लाइटों की सूची दे चुके हैं। उसके मोबाइल पर वाट्सअप भी कर चुके हैं, लेकिन क्या मजाल जो पार्षद के कहने से खराब पड़ी एक भी लाइट लाइनमेन ठीक कर दे।

ये हैं मामला

नरेश सैनी नगर निगम के वार्ड सात से निर्वाचित पार्षद हैं। उनके वार्ड में कुल 12 सौ स्ट्रीट लाइटें हैं। निगम पहुंचे नरेश सैनी ने बताया कि उनके वार्ड में सौ से ज्यादा स्ट्रीट लाइटें बीते छह माह से खराब पड़ी हैं। इसको लेकर वह प्रभारी से लेकर लाइनमैन तक को अवगत करा चुके हैं, लेकिन क्या मजाल जो उनके वार्ड में एक भी खराब लाइट की रिपेयर कर दी जाए। दरअसल हो यह रहा है कि बजाए करने के उनके वार्ड में काम को टाला अधिक जा रहा है।

यह हो रहा है

नरेश सैनी ने बताया कि दिन निकलते ही उनके आवास पर लोग शिकायतें लेकर पहुंचने शुरू हो जाते हैं। इनमें स्ट्रीट लाइटों की समस्या लेकर आने वाले भी शुमार हैं। उनके वार्ड के एक मोहल्ले के कुछ लोग अरसे से स्ट्रीट लाइटों की समस्या लेकर आ रहे थे। कई बार कहने के बाद भी निगम स्टाफ ने लाइटें ठीक नहीं कीं। पिछले दिनों वो लोग फिर से उनके यहां आ और बोले कि पार्षद जी हमारे इलाके की स्ट्रीट लाइटें ठीक हो गयीं। तो नरेश सैनी ने उन्हें बताया कि उनकी खराब स्ट्रीट लाइटों के संबंध में लिखकर दे दिया गया है। इस पर उन लोगों ने तंज कसते हुए और उलाहना देते हुए कहा कि नहीं जी लाइटें तो ठीक हो गयी हैं और हमने खुद ही तुम्हारे स्टाफ से करा लीं। दरअसल उन लोगों ने किसी का नाम लिए बगैर कहा कि पैसे देकर जितनी भी खराब लाइटें थीं, उन सभी को निगम के लाइनमेन से सही करा लिया है। नरेश सैनी ने बताया कि उन लोगों की बातें सुनकर उनके पास कहने को फिर कुछ भी बाकि नहीं रहा। यह मामला केवल भाजपा पार्षद नरेश सैनी के वार्ड भर का नहीं है। पूरे महानगर में यही स्थिति बनी हुई है। किसी को यदि काम कराना है तो पैसे थमाओं और काम कराओ। जब पैसे लेकर काम करने की आदत हो जाएगी तो फिर पार्षदों के कहने से भला कौन काम करेगा। खराब स्ट्रीट लाइट की इन समस्याओं को लेकर निगम के सभी संबंधित स्टाफ को पार्षद नरेश सैनी ने जानकारी दी, लेकिन क्या मजाल जो पार्षद के कहने से समस्या का समाधान हो जाए।

WhatsApp Channel Join Now
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *