
प्रवर्तन दल की कार्रवाई से भूमाफियाओं में दहशत, चुन-चुन कर जमीदोज की जा रही हैं अवैध कालोनियां, अवैध कालोनियों पर मेडा वीसी सख्त
मेरठ। मेरठ में अवैध कालोनियों में मेरठ विकास प्राधिकरण का प्रवर्तन दल कहर बनकर टूट रहा है। मेडा उपाध्यक्ष ने अवैध कालोनियों के मामले में मेडा प्रवर्तन दल को फ्री हैंड दे दिया है। प्रवर्तन दल प्रभारी अर्पित कृष्ण यादव का नाम भूमाफियाओं में दहशत बना हुआ है। जब से उन्हें प्रवर्तन दल का प्रभारी बनाया गया है तब से अवैध कालोनियाें काटने वाले दहशत में हैं। कोई ऐसा दिन नहीं जा रहा है जब अवैध कालोनियों को ध्वस्त ना किया जा रहा हो।
बड़े स्तर पर कार्रवाई से मेडा की दहशत
6 मार्च को अवैध कालोनियों के खिलाफ बड़े स्तर पर की गयी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से अवैध कालोनियां काटने वालों में दहशत है। कंकरखेड़ा में हरित दीक्षित व चमन सिंह ने खसरा संख्या 472 पर दिलावरा के निकट तीस हजार वर्ग मीटर में अवैध काटी थी। इस पर नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम-1973 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई कर कालोनी की सड़क, बाउंड्रीवॉल और भूखंड़ों की बाउंड्रीवाल ध्वस्त कर दी गयीं। इसी थाना क्षेत्र में संजय सैनी ने महालक्ष्मी धर्मकांटे के समीप रोहटा रोड पर 12 हजार वर्ममीटर में अवैध कालोनी विकसित की है। उसको भी ध्वस्त कर दिया गया। मनीष एवं सम्राट मलिक ने महालक्ष्मी धर्मकांटे के समीप 8 हजार वर्ग मीटर भूखंड पर अवैध कालोनी विकसित की। इसको भी मेडा प्रवर्तन दल ने ध्वस्त कर दिया। इसी थाना क्षेत्र में जनरल सिंह ने शिव कुंज के नाम से 10 हजार वर्ग मीटर में अवैध कालोनी विकसित की जिसको जमीदोंज कर दिया गया। कंकरखेड़ा के जौनपुर मोड में हजार वर्ग मीटर में विकसित की जा रही अवैध कालोनी को प्रवर्तन दल की जेसीबी ने ध्वस्त कर दिया।
केवल स्वीकृत कालोनियों में लें प्लाट व फ्लैट
प्रवर्तन अधिकारी अर्पित यादव ने बताया कि इसी तर्ज पर राेहटा थाना के गांव अरनावली में गांव आजमपुर के सामने 50 हजार वर्गमीटर में राजकुमार नाम का शख्स खसरा 367 में अवैध कालोनी विकसित कर रहा था। उसको जमीदोज कर दिया गया। अर्पित यादव ने लोगों से आग्रह किया है कि किसी भी अवैध कालोनी में प्लाट या मकान ना खरीदें। केवल मेडा की स्वीकृत कालानियों में ही भवन व प्लाट खरीदें।