
एनसीआरटीसी ने ला दी है क्रांति, लोग बोल क्या कमला किया है, समय और पैसे दोनों की हो रही है भरपूर बचत
मेरठ। नमो भारत और मेरठ मेट्रो सार्वजनिक परिवहन परिदृश्य में नई क्रांति ला रही हैं। देश में पहली बार एक अनूठी पहल के तहत एक ही इन्फ्रास्ट्रक्चर पर सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन नमो भारत और मेरठ मेट्रो दौड़ रही हैं। नमो भारत हो या मेरठ मेट्रो, यात्रियों की सुविधा के लिए एक ही टिकट से दोनों सेवाएँ मिल रही हैं।
कनेक्टिविटी को नया आयाम
अत्याधुनिक सिग्नलिंग और अनुकूलित समय-सारणी से नमो भारत और मेरठ मेट्रो ने दिल्ली, मेरठ व आसपास के क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी को नया आयाम दिया है। एक ही इन्फ्रास्ट्रक्चर पर सुचारू संचालन के लिए, नमो भारत और मेरठ मेट्रो, दोनों की अनुकूलित समय-सारणी बनाई गई है। नमो भारत ट्रेन फिलहाल हर 10 मिनट में उपलब्ध है, जो सराय काले खाँ से मोदीपुरम तक के पूरे कॉरिडोर पर परिचालित है। मेरठ मेट्रो की फ्रीक्वेंसी भी 10 मिनट की है। नमो भारत की अधिकतम परिचालन गति 160 किमी प्रति घंटा है जबकि मेरठ मेट्रो 120 किमी प्रति घंटा की अधिकतम परिचालन गति से मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 12 स्टेशनों के बीच परिचालित होती है।
यात्रा सुविधाओं का खास ख्याल
एनसीआरटीसी ने यात्रियों की सुविधा का खास ध्यान रखा है। मेरठ में ऐसे स्टेशनों पर आइलैंड प्लेटफॉर्म की व्यवस्था की गई है, जहां मेरठ मेट्रो और नमो भारत दोनों का ठहराव होता है। आइलैंड प्लेटफॉर्म यानी ऐसा प्लेटफॉर्म जिसके दोनों तरफ ट्रैक होते हैं। मेरठ में एक ही ट्रैक पर नमो भारत और मेरठ मेट्रो, दोनों दौड़ती हैं। ऐसे में अगर आइलैंड प्लेटफॉर्म होता है तो यात्री एक ट्रेन से उतरकर सामने वाले प्लेटफॉर्म से दूसरी ट्रेन पकड़ सकते हैं। एक ही दिशा में जाने के लिए यात्रियों को ज्यादा चलने की असुविधा नहीं होती है।
आइलैंड प्लेटफॉम पर दूसरी ट्रेन की सुविधा
उदाहरण के लिए, यदि किसी यात्री को सराय काले खां से ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन जाना है तो उन्हें सीधा ब्रह्मपुरी का टिकट लेना होगा। इसके बाद वह शताब्दी नगर तक नमो भारत से, और ब्रह्मपुरी तक आगे की यात्रा मेट्रो से कर सकते हैं। शताब्दी नगर पर जिस प्लेटफॉर्म पर यात्री आगे की यात्रा के लिए उतरेंगे, उसी के सामने के प्लेटफॉर्म पर मेट्रो ट्रेन मिल जाती है। इस तरह एक दिशा में जाने के लिए प्लेटफॉर्म तो बदलना होगा लेकिन बिना सीढ़ी या एस्केलेटर से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाए बिना, यानी आइलैंड प्लेटफॉर्म पर दूसरी ट्रेन मिल जाएगी। यदि किसी यात्री को मोदीनगर नॉर्थ से मेरठ नॉर्थ (मेट्रो स्टेशन) जाना है तो उसे बेगमपुल तक नमो भारत में सफर करना होगा। बेगमपुल स्टेशन एक अंडरग्राउंड स्टेशन है, जहां इस तरह का आइलैंड प्लेटफॉर्म बना है। एक दिशा में जाने वाली नमो भारत और मेरठ मेट्रो ट्रेनें एक ही ट्रैक पर चलती हैं। नमो भारत से इस स्टेशन पर उतरने के बाद यात्रियों को उसी प्लेटफॉर्म से अगली मेट्रो ट्रेन मिल जाएगी, जिसमें वह आगे की यात्रा कर सकते हैं। टिकट के लिए भी यात्री को मोदीनगर नॉर्थ से सीधे मेरठ नॉर्थ का ही टिकट लेना होगा, यानी मेट्रो का टिकट अलग से लेने की जरूरत नहीं होगी।
वेडिंग मशीनें और ऐप भी
टिकटिंग के लिए यात्रियों को स्टेशन पर काउंटर के अलावा टिकट वेंडिंग मशीन उपलब्ध हैं, जिनसे वे नगद, कार्ड और यूपीआई से टिकट खरीद सकते हैं। इसके अलावा नमो भारत कनेक्ट ऐप से टिकट खरीदे जा सकते हैं। इस ऐप पर ‘जर्नी प्लानर’ का फीचर भी दिया गया है, जिससे यात्री अपने गंतव्य की जानकारी ले सकते हैं। इतना ही नहीं, नमो भारत कनेक्ट ऐप से दिल्ली मेट्रो के टिकट भी खरीदे जा सकते हैं। इसी तरह, मेट्रो टिकट बुक करने के लिए डीएमआरसी मोबाइल ऐप का इस्तेमाल करने वाले यात्री नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो के टिकट भी खरीद सकते हैं।
नमो भारत और मेरठ मेट्रो के बीच अंतर करना भी बेहद आसान है। नमो भारत में जहां 6 कोच उपलब्ध हैं, जिनमें पहला कोच (दिल्ली से मेरठ की ओर) प्रीमियम है और दूसरा कोच महिलाओं के लिए आरक्षित है। वहीं, मेरठ मेट्रो में तीन कोच हैं और प्रत्येक कोच में महिलाओं, वृद्धजनों व दिव्यांगजनों के लिए सीटें आरक्षित हैं। नमो भारत और मेट्रो में अंतर को पहचानने के लिए इनके बाहरी रंग को भी अलग किया गया है। नमो भारत में जहां बाहरी बॉडी पर मरून रंग की धारी है तो वहीं, मेट्रो पर फ्लोरेसेंट ग्रीन रंग की धारी है और उसके दरवाजे भी इसी रंग के हैं।
बेहतर यात्री सुविधा
नमो भारत और मेरठ मेट्रो स्टेशनों को जहां भी संभव हो, भारतीय रेलवे के स्टेशनों, मेट्रो स्टेशनों और बस डिपो के साथ रणनीतिक रूप से जोड़ा गया है। यात्रियों के अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए रणनीतिक रूप से मेरठ साउथ, शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम स्टेशनों को इस प्रकार से डिजाइन किया गया है कि यात्रियों को दोनों सेवाओं, नमो भारत और मेरठ मेट्रो के बीच स्विच करना आसान हो। मेरठ मेट्रो के लिए मेरठ साउथ, परतापुर, रिठानी, शताब्दी नगर, ब्रह्मपुरी, मेरठ सेंट्रल, भैसाली, बेगमपुल, एमईएस कॉलोनी, दौरली, मेरठ नॉर्थ, और मोदीपुरम स्टेशन हैं। मेरठ सेंट्रल, भैसाली और बेगमपुल अंडरग्राउंड स्टेशन हैं, बाकी स्टेशन एलिवेटेड हैं।