ट्रंप बोले युद्ध समाप्ति पर विचार, ब्रिटेन की यूएस को मिसाइल हमलों की अनुमति, ईरानियों ने युद्ध के बीच मनाई ईद व नवरोज
नई दिल्ली/तेहरान। ईरान ने तमाम पश्चिमी देशों को हमले की धमकी दी है और कहा है कि यदि उस पर हमला किया गया तो वह भी हमला करेगा। इस बीच डियागोगार्सिया तक ईरान की बैलिस्टिक मिसाइलों के पहुंचने के बाद दुनिया भर में दहशत का माहौल है। ईरान ने चेतावनी दी है कि यदि संयुक्त अरब अमीरात की धरती से अबू मूसा और ग्रेटर तुनब पर कोई हमला किया गया तो रास अल-खैमाह बंदरगाह शहर पर “करारा प्रहार” होगा। मिसाइलें गरजेंगी। वहीं दूसरी ओर सबसे अच्छी खबर यह है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्ध समाप्ति की बात कही है, लेकिन युद्ध विराम से इंकार किया है। उन्होंने यह भी कहा है कि होर्मूज जलडमरू मार्ग को खोल कर ही मानेंगे। ईरान के परमाणु कार्यक्रम ठिकानों पर भी हमले किए गए हैं।
युद्ध के बीच ईरानियों की ईद
लाखों ईरानियों ने बमबारी के खतरे के बीच ईद अल-फितर और फारसी नववर्ष नवरोज एक साथ मनाया। मशहद में इमाम रजा तीर्थ जैसे पवित्र स्थलों पर भारी भीड़ जमा हुई, जिनमें से कई सभाएँ पश्चिमी विरोधी प्रदर्शनों में तब्दील हो गईं। ईरान मे अमेरिकी विरोधी प्रदर्शनों में तेजी आयी है। ईरानी ट्रंप पर झूठ बोलने का आरोप लगा रहे हैं। यूएस के मित्र देश कतर ने इजरायल को फटकार लगायी है। कतर के विदेश मंत्रालय ने दक्षिणी सीरिया में सैन्य ठिकानों पर इजरायली हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय कानून का घोर उल्लंघन बताया।
ट्रंप का यूटर्न
ईरान से जंग में फंसे ट्रंप यूटर्न लेते दिखते हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि वह ईरान के खिलाफ सैन्य अभियानों को “कम करने” पर विचार कर रहे हैं और होर्मुज जलडमरूमध्य का उपयोग करने वाले अन्य देशों को इसकी “सुरक्षा और निगरानी” करनी होगी। हालांकि, उन्होंने ईरान के साथ युद्धविराम समझौते की संभावना से इनकार किया। इस वक्त यूएस पर दुनिया भर के देशों को भारी दबाव है।