मेरठ से दिल्ली अब दूर नहीं

kabir Sharma
17 Min Read
WhatsApp Channel Join Now
WhatsApp Group Join Now

82.15 किमी दूरी सिर्फ 55 मिनट में पूरी, पीएम मोदी ने किया रैपिड और मेट्रो रेल का उद्घाटन, एआई समिट प्रकरण को लेकर कांग्रेस पर जमकर बरसे पीएम मोदी
कहा कांग्रेस तो पहले से ही नंगी है, अब इंडिया गठबंधन के साथ भी उससे नाराज हैं

नई दिल्ली/ मेरठ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा उद्घाटन किए जाने के बाद अब रैपिड रेल से दिल्ली से मेरठ की 82.15 किमी दूरी सिर्फ 55 मिनट में पूरी होगी। ट्रेन मेरठ मोदीपुरम से शुरू होकर दिल्ली के सराय काले खां तक जाएगी। 13 स्टेशनों से होकर गुजरेगी। पूरे सफर में दो स्टेशन अंडरग्राउंड होंगे, जबकि बाकी का सफर एलिवेटेड होगा। मेट्रो बेगमपुल से मेरठ साउथ तक जाएगी। इसमें 7 स्टेशन बनाए गए हैं। मेट्रो का किराया 20 से 60 रुपए, जबकि रैपिड रेल का 20 से 210 रुपए तक होगा। पीएम मोदी ने मेरठ मेट्रो और नमो भारत रैपिड रेल को हरी झंडी दिखाई। स्कूली बच्चों और डॉक्टरों के साथ सफर किया। उनसे बातचीत की। 12,930 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इसके अलावा उन्होंने शताब्दीनगर स्टेशन पर लगायी गयी प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी में एक चित्र में पीएम नरेन्द्र मोदी अपनी माताजी के साथ नजर आ रहे हैं।
इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी तथा एनसीआरटीसी के कई सीनियर अफसर मौजूद रहे। इन अफसरों ने पीएम को दिल्ली के सराय काले खां से लेकर मोदीपुरम स्टेशन तक चलने वाली रैपिड रेल की जानकारी दी। पीएम मोदी को टनल से होकर गुजरने वाली रैपिड में किए गए वेटिलेंशन के इंतजामों की भी जानकारी दी गयी। यहां से पीएम मोदी व सीएम योगी अन्य मंत्रियों के साथ मोहद्दीनपुर स्थित रैली स्थल हैलीकाप्टर से पहुंचे। उनके मंच पर पहुंचने से पहले डिप्टी सीएम ब्रिजेश पाठक, मेरठ के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी, केंद्रीय मंत्री व प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष पंकज चौधरी, सांसद राजकुमार सांगवान व अरुण गोविल, राज्यसभा सदस्य डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, विधायक अमित अग्रवाल, गुलाम मोहम्मद क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसौदिया, अश्वनी त्यागी सरीखे तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद थे। जैसे ही पीएम का हैलीकाप्टर रैली स्थल पर पहुंचा तमाम मंचासनी नेता तेजी से हैलीपेड की ओर दौड़े। रैली स्थल पर ही हैलीपेड बनाए गए थे

Contents
82.15 किमी दूरी सिर्फ 55 मिनट में पूरी, पीएम मोदी ने किया रैपिड और मेट्रो रेल का उद्घाटन, एआई समिट प्रकरण को लेकर कांग्रेस पर जमकर बरसे पीएम मोदीकहा कांग्रेस तो पहले से ही नंगी है, अब इंडिया गठबंधन के साथ भी उससे नाराज हैंमोदी-योगी के नारों से गूंजा पंडालपहले सीएम योगी का संबोधनपीएम मोदी के भाषण की शुरूआत बाबा औघड़नाथ सेएआई समिट की घटना पर कांग्रेस से नाराज पीएमपीएम बोले कांग्रेस पहले से ही नंगी और गंदीपीएम बोले कांग्रेस व सपा जहरीली राजनीति छोड़ेपीएम मोदी ने बताया मीडिया को हेडिंगसमझौतों से होगा भारत का फायदाउत्तर प्रदेश श्रम और सृजन की धरती हैडबल इंजन की सरकार विकास का आधारये रहे शामिल

मोदी-योगी के नारों से गूंजा पंडाल

रैली के लिए बनाए गए मंच पर जैसे ही पीएम मोदी पहुंचे लोगों खड़े होकर उनका स्वागत किया। पूरा पंड़ाल मोदी योगी के नारों से गूूंज उठा। ये नारे काफी देर तक लगते रहे। पूरा माहौल पीएम मोदी व सीएम योगीमय हो गया। पीएम मोदी व सीएम योगी को देखकर लोग उत्साहित थे। उनके उत्साह का का कोई ठिकाना नहीं था। पीएम मोदी ने मंच से डिजिटली बटन दबाकर करीब 12,930 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण किया।

पहले सीएम योगी का संबोधन

पीएम के संबोधन से पहले सीएम योगी का संबोधन हुआ। उन्होंने कहा कि आज का दिन मेरठ के लिए बड़ा दिन है। होली से पहले रैपिड और मैट्रो का उद्घाटन किया जाना प्रधानमंत्री मोदी का होली का उपहार है। उन्होंने कहा कि मेरठ बाबा औघड़नाथ और पौराणिक व एतिहासिक भूमि है। यहां पीएम को स्वागत करते हुए उन्हें बेहद खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि पहले मेरठ से दिल्ली की दूरी करीब पांच घंटे में बेहद मुश्किलों से तय हुआ करती थी आज यह दूरी घटकर एक घंटे से भी कम वक्त में पूरी होगी। उन्होंने कहा कि यह सब केवल पीएम मोदी के द्वारा मेरठ को दिए गए रैपिड ट्रेन के उपहार की वजह से संभव हो सका है। सीएम योगी ने कहा कि पहले हाल यह था कि पांच घंटे का सफर और जाम में फंसने के झंझट के चलते लोग दिल्ली जाने से ही परहेज किया करते थे, लेकिन अब मैट्रो व रैपिड की सुविधा के बाद यह दूरी महज ५५ मिनट की रह गयी है।

पीएम मोदी के भाषण की शुरूआत बाबा औघड़नाथ से

पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरूआत बाबा औघड़नाथ का नाम लेकर की। उन्होंने कहा कि यह क्रांतिकारियों की भूमि है। यह वो भूमि है जहां से प्रथम स्वतंत्रता संग्राम का शंखनाद किया गया था। पीएम मोदी ने कहा कि रैपिड व मेट्रो टे्रेने क्रांतिकारियों की भूमि का एक उपहार है। उन्होंने कहा कि साल २०१४ से पहले मेरठ ही नहीं बल्कि पूरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश विकास के लिए तरसते थे। क्योंकि उस वक्त की कांग्रेसी सरकारों में काम नहीं बल्कि घोटाले हुआ करते थे। उस वक्त इन्फ्रास्ट्रक्चर के प्रोजेक्ट घोटालों में गुम हो जाते थे। उन्होंने कहा कि मेट्रो जैसी अधिकतर टेक्नोलॉजी हमें विदेशों से आयात करनी पड़ती थी। हमने घोटाले बंद किए। देश को आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ाया। मेरठ और पश्चिम यूपी वालों का जीवन बदलने वाला है। अब एक ही स्टेशन से, एक ही ट्रैक पर नमो भारत और मेट्रो रेल चलेगी।

- Advertisement -

एआई समिट की घटना पर कांग्रेस से नाराज पीएम

नई दिल्ली के भारत मंडप में एआई समिट की घटना को लेकर पीएम मोदी कांग्रेस से जबरदस्त नाराज दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि एआई समिट का आयोजन पूरे भारत के लिए गौरव का विषय है। इस आयोजन में दुनिया के ८० देशों के प्रतिनिधि तथा २० देशों के राष्ट्राध्यक्ष शामिल हुए, उसमें कांग्रेसियों का कपड़े उतारकर प्रदर्शन करना शर्मसार करने वाली घटना है। पीएम मोदी ने कहा कि इस समिट में कांग्रेस और इसके इकोसिस्टम ने क्या किया। वैश्विक आयोजन को गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बना दिया। विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतारकर पहुंच गए।

पीएम बोले कांग्रेस पहले से ही नंगी और गंदी

पीएम मोदी ने कहा-मैं कांग्रेस वालों से पूछता हूं- देश तो जानता है कि आप पहले से ही नंगे और गंदे हो। फिर कपड़े उतारने की जरूरत क्यों पड़ी। कांग्रेस के नेताओं ने जो कुछ किया, वो दिखाता है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी वैचारिक रूप से कितनी दिवालिया और दरिद्र हो गई है। पीएम मोदी ने कहा- देखिए दिल्ली में जो हुआ वह पूरे देश को शर्मसार करने वाला है। उन्होंने नाराजगी भरे लहजे में किया कि सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस के सरफिरे और बेलगाम नेता देश को तबाह करने पर तुले हैं। अगर आपको प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठना है तो पहले आपको लोगों के दिल जीतने होंगे।

पीएम बोले कांग्रेस व सपा जहरीली राजनीति छोड़े

पीएम मोदी ने कहा कांग्रेस और सपा अपनी जहरीली राजनीति छोड़े। उन्होंने कहा कि यदि मुकाबला ही करना है तो विकास के मुद्दे पर मुकाबला करें। लेकिन इन दलों ने अपनी जहरीली राजनीति नहीं बदली। भाजपा ने अपनी विकास की नीति को हमेशा सर्वोपरि रखा। इसका एक उदाहरण हमारी मेट्रो भी है। 2014 से पहले यानी कांग्रेस सरकार के समय में 5 ही शहरों में मेट्रो थी। आज 25 से ज्यादा शहरों में मेट्रो चलने लगी है। उन्होंने कहा- हम तो वो लोग हैं, जो गांव में किसी के यहां शादी होती है तो पूरा गांव उसे सफल बनाने में जी-जान से जुट जाता है। ताकि मेहमान गांव की अच्छी छवि लेकर जाएं। कांग्रेस तो अपने ही देश को बदनाम करने में जुटी है। कांग्रेस के नेताओं को मोदी से नफरत है। हम इसे भी सहन कर लेंगे। लेकिन, कांग्रेस को याद रखना चाहिए था कि ये ग्लोबल समिट भाजपा का कार्यक्रम नहीं था, न ही उस समय भाजपा का कोई नेता वहां था। पीएम मोदी ने कहा- पूरा देश कांग्रेस की इस रीति-नीति पर थू-थू कर रहा है। दुर्भाग्य देखिए, इतनी पुरानी पार्टी के नेता लाज बचाने के बजाए गंवाने पर तुले हुए हैं। बेशर्मी के साथ देश की बेइज्जती करने वालों का जयकारा कर रहे हैं। संसद में खुद परफॉर्म नहीं कर पा रहे तो अपने साथी को भी बोलना का मौका नहीं देते। सदन को चलने नहीं देते। इसका सबसे बड़ा नुकसान कांग्रेस के साथी दलों को हो रहा है।

पीएम मोदी ने बताया मीडिया को हेडिंग

अपने भाषण के दौरान पीएम मोदी ने मीडिया को उनके भाषण का हेडिंग तक बताने में गुरेज नहीं की। उन्होंने कहा कि जब समाचार बनाए तो यह हेडिंग ना बनाए कि पीएम मोदी ने विपक्ष को धो डाला, ऐसा करके मीडिया कांग्रेस को बचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष में जो और साथी बैठे हैं, वो भी समझ गए हैं कि पाप कांग्रेस करती है और भुगतना उन्हें पड़ता है। पीएम मोदी ने कहा- भाजपा सरकार के लिए देश का विकास, यूपी का विकास सर्वोपरि है। याद करिए, 10 साल पहले यूपी की चर्चा किन बातों की होती थी, हर किसी को मेरठ के दंगे, पश्चिमी यूपी की क्रिमिनल गैंग, खराब सड़कें, बिजली कटौती और पिछड़ेपन की परिस्थितियां ही चर्चे में रहता था। पश्चिमी यूपी के अपराध पर फिल्में बनती थीं। सपा सरकार ने यूपी का ये हाल करके रखा था। लेकिन आज यूपी को विकास के लिए जाना जा रहा है। आज यूपी को ब्रह्मोस, मोबाइल फोन बनाने, पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या के लिए जाना जाता था। सपा के राज में जो अपराधी बेखौफ घूमा करते थे, वो आज योगी की सरकार में जेलों में दिन बिता रहे हैं। आज किसी की हिम्मत नहीं कि कॉलेज से निकल रही हमारी किसी बेटी का अपमान कर सके।

समझौतों से होगा भारत का फायदा

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा की सरकार ने जो वैश्विक समझौते किए हैं, उससे भारत के लघु और कुटीर उद्योगों से जुड़े लोगों को फायदा होगा। मेरठ के स्पोर्ट्स प्रोडक्ट, कैंची और खुर्जा की क्राकरी, मुरादाबाद का पीतल, सहारनपुर की लकड़ी की नक्काशी आदि से जुड़े लोगों को इसका फायदा होगा। भाजपा की प्राथमिकता देश के छोटे-बड़े शहरों के सामर्थ्य को दुनिया के कोने-कोने तक ले जाने का है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘एक तरफ आज देशवासी भारत को विकसित बनाने के लिए काम कर रहे हैं लेकिन देश में ही कुछ राजनैतिक दल हैं जो भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे।

- Advertisement -

उत्तर प्रदेश श्रम और सृजन की धरती है

पीएम मोदी ने कहा- जो पढ़ाई, नौकरी या अन्य कामों के लिए रोजाना आते-जाते हैं, उनके लिए अब दिल्ली में किराए के घर में रहने की मजबूरी भी खत्म हुई है। आज भाजपा की डबल इंजन सरकार आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर जो इतना पैसा खर्च कर रही है, उससे आपका समय बचता, पैसा बचता है और युवाओं को रोजगार भी मिलता है। पश्चिम यूपी में देखिए, कैसे नए एक्सप्रेस वे बन रहे। जेवर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बन रहा। ये जब बनते हैं तो रोजगार ही रोजगार पैदा होते हैं। ये उत्तर प्रदेश श्रम और सृजन की धरती है। पीएम मोदी ने कहा कांग्रेस की जब देश में सरकार थी तो ये सब संभव ही नहीं था। क्योंकि तब इन्फ्रास्ट्रक्चर के प्रोजेक्ट घोटालों में गुम हो जाते थे। मेट्रो जैसी अधिकतर टेक्नोलॉजी हमें विदेशों से आयात करनी पड़ती थी। हमने घोटाले बंद किए। देश को आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ाया। मेरठ और पश्चिम यूपी वालों का जीवन कैसे बदलने वाला है- सराय कालेखां, आनंद विहार, गाजियाबाद और मेरठ…इन स्टेशनों पर भारतीय रेल, मेट्रो और बस अड्डों को आपस में जोड़ा गया है। देश में ये पहली बार हो रहा है। जब एक ही स्टेशन, एक ही ट्रैक पर नमो भारत और मेट्रो रेल चलेगी। पीएम मोदी ने कहा- साथियों, 2014 से पहले भारत में मेट्रो का विकास बहुत धीमी रफ्तार से था। हालत ये थी कि कांग्रेस सरकार के समय में देश के 5 ही शहरों में मेट्रो चल पाई थी। जबकि आज भाजपा सरकार में देश के 25 से ज्यादा शहरों में मेट्रो चलने लगी है। आज भारत मेट्रो के मामले में दुनिया का तीसरा बड़ा नेटवर्क बन चुका है। यूपी में मेरठ के अलावा भी कई शहरों में मेट्रो पर काम चल रहा है। बीते 11 वर्षों में देश के दर्जनों शहरों तक मेट्रो पहुंची। भाजपा सरकार देशवासियों को हाई स्पीड, जाम और प्रदूषण से मुक्त सुविधा देना चाहती है। इसलिए रैपिड रेल, वंदे भारत चल रही है।

मैंने मेट्रो में सफर किया। लोगों से बात की। सभी ने यही कहा कि ऐसे दिन की कभी कल्पना नहीं की थी। वो पुराने दिनों को याद कर रहे थे। बहनों-बेटियों ने मुझे बताया कि कुछ साल पहले तक पूरे रूट में सन्नाटा छा जाता था। यहां डर और भय का माहौल रहता था। अब एक तरफ कानून-व्यवस्था सुधरी है और दूसरी ओर लोगों को सुरक्षित यातायात का माध्यम भी मिला है। नमो भारत रैपिड रेल नारी शक्ति का प्रतीक भी बनी है। इसमें ट्रेन ऑपरेटर, स्टेशन कंट्रोल स्टाफ ऐसे अधिकतर काम में हमारी बेटियां ही कार्यरत हैं।

डबल इंजन की सरकार विकास का आधार

पीएम मोदी ने कहा कि यूपी में डबल इंजन की सरकार विकास का आधार है। भाजपा की डबल इंजन सरकार की कार्य संस्कृति को भी दिखाता है। हमारी कार्य संकृति ये है कि जिस काम का शिलान्यास किया जाए, उसे पूरा करने के लिए दिन रात काम किया जाए। इसलिए अब परियोजनाएं पहले की तरह लटकती भटकती नहीं हैं। ये नमो भारत और मेट्रो के शिलान्यास का मौका आप लोगों ने मुझे दिया था और आज इसका लोकार्पण भी मैं ही कर रहा हूं। पहली बार एक ही मंच से नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो सेवा का एक ही दिन शुभारंभ हो रहा है। विकसित भारत की कनेक्टिविटी कैसी होगी ये उसकी एक शानदार झांकी है। शहर के भीतर के लिए मेट्रो और ट्विन सिटी के विजन को गति देने के लिए नमो भारत जैसी ट्रेन की सौगात दी गई। ये काम उत्तर प्रदेश में हुआ है।

- Advertisement -

ये रहे शामिल

कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसौदिया, राज्यमंत्री दिनेश खटीक व डा. सोमेन्द्र तोमर, अश्वनी त्यागी, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, राज्यसभा सदस्य डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, लोकसभा सांसद अरुण गोविल व राजकुमार सांगवान, विधायक अमित अग्रवाल व गुलाम मोहम्मद, जिलाध्यक्ष हरबीर पाल, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तौगी आदि भी शामिल रहे।

WhatsApp Channel Join Now
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *