
भाजपा की महानगर संगठन की बैठक, विवेक रस्तौगी बोले अभूतपूर्व होगी रैली, तैयारियों का लगातार ले रहे जायजा
मेरठ। महानगर भाजपा की बैठक में पीएम मोदी की 22 फरवरी की रैली की तैयारियों पर चर्चा की गयी। इसके अलावा इस मौके पर पंड़ित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान 2026 पर कार्यशाला का आयोजन महानगर कार्यालय, हरमन सिटी, बागपत रोड पर किया गया। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र शिशोदिया ने रैपिड रेल शुभारंभ रैली को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह दिन मेरठ के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित होगा। उन्होंने कहा कि मेरठ को एशिया की पहली रैपिड रेल सेवा का गौरव प्राप्त हो रहा है, जो क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी। जो सफर पहले घंटों में पूरा होता था, वह अब मात्र 40 मिनट में संभव होगा। इससे व्यापार, शिक्षा, रोजगार और निवेश के नए अवसर मिलेगे तथा मेरठ राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से और अधिक सशक्त रूप से जुड़ सकेगा।
तैयारियों पर बैठक
उन्होंने 22 $फरवरी को होने वाली रैली को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बनाने के लिए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत बैठक की। रैली को भव्य, अनुशासित एवं सफल बनाने हेतु विभिन्न व्यवस्थाओं—जनसंपर्क, प्रचार-प्रसार, परिवहन, स्वागत एवं सुरक्षा—पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। उन्होंने आह्वान किया कि प्रत्येक कार्यकर्ता पूरे उत्साह और समर्पण के साथ अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करें।
इससे पूर्व आयोजित महानगर कार्यशाला का शुभारंभ महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी द्वारा प्रस्तावना के साथ किया गया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण महा अभियान का उद्देश्य संगठन को वैचारिक रूप से सुदृढ़ करना तथा कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति और कार्यपद्धति से परिचित कराना है। इस अभियान का संयोजक पूर्व महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल को नियुक्त किया गया है।
कार्यशाला तीन सत्रों में संपन्न हुई।
प्रथम सत्र में क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र शिशोदिया ने प्रशिक्षण की संगठनात्मक प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भाजपा में प्रत्येक तीन वर्ष में राष्ट्रीय स्तर से लेकर प्रदेश, क्षेत्र, महानगर एवं मंडल स्तर तक क्रमबद्ध प्रशिक्षण आयोजित किया जाता है। प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति होते हैं। द्वितीय सत्र में अभियान संयोजक मुकेश सिंघल ने ‘पंच परिवर्तन विषय पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने सामाजिक समरसता, स्वदेशी को अपनाने, नागरिक कर्तव्यों के पालन, पर्यावरण संरक्षण एवं कुटुंब प्रबोधन जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की। तीनों विधानसभा क्षेत्रों के अनुसार टीम बनाकर विचार-विमर्श भी किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 7 मार्च से 13 अप्रैल तक क्रमवार आयोजित किए जाएंगे, जिनमें मंडल स्तर तक कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यशाला का समापन महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण ही संगठन की वास्तविक शक्ति है और प्रत्येक कार्यकर्ता को इसे गंभीरता एवं समर्पण के साथ पूर्ण करना चाहिए। कार्यशाला के उपरांत पुन: रैपिड रेल शुभारंभ रैली की तैयारियों पर विशेष चर्चा की गई और इसे ऐतिहासिक जनसमर्थन के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया गया।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष बिजेंद्र अग्रवाल, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा पूर्व सांसद कान्ता कर्दम, जय करण गुप्ता, कमल दत्त शर्मा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मनोज पोसवाल, वर्षा कौशिक, पूर्व महानगर अध्यक्ष ऋतुराज जैन, करुणेश नंदन गर्ग, चरण सिंह लिसाड़ी, पूर्व मेयर सुशील गुर्जर, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष वीनस शर्मा, मीडिया अमित शर्मा, महामंत्री पियूष शास्त्री, महेश बाली, अरविंद गुप्ता मारवाड़ी, विनय पाराशर, उपाध्यक्ष नरेंद्र उपाध्याय, सीमा श्रीवास्तव, सुनील चड्ढा, वकुल रस्तोगी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।