


तीसरे दिन बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुजन, आईटीआई साकेत में चल रहा आयोजन, विश्व जाग्रति मिशन का सानिध्य
मेरठ। सनातन संस्कृति जागरण महोत्सव के अंतर्गत आई.टी.आई. साकेत में विश्व जागृति मिशन द्वारा पूज्य सद्गुरु सुधांशु महाराज के सान्निध्य में आयोजित दिव्य कथा के तृतीय दिवस पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूज्य गुरुदेव के प्रेरणादायी प्रवचनों का श्रवण कर उनके पावन आशीर्वाद प्राप्त किए। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद एवं बाल योगी पूज्य उमेश नाथ तथा विश्व विख्यात योग गुरु बाबा रामदेव की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अतिथियों का अभिनंदन
इस अवसर पर मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल एवं एडे़को डेवलपर्स के प्रबंध निदेशक वरुण अग्रवाल द्वारा पूज्य सद्गुरु सुधांशु महाराज, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद पूज्य उमेश नाथ तथा योग गुरु बाबा रामदेव का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़ने का माध्यम
विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि सनातन संस्कृति जागरण महोत्सव जैसे आयोजन समाज को अपनी गौरवशाली परंपराओं, संस्कारों और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर डॉ. अर्चिका , महापौर हरिकांत अहलूवालिया, कवि श्री हरिओम पंवार भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर पूज्य गुरुदेव के दिव्य प्रवचनों का लाभ प्राप्त किया।