
शमशाद महागीर छह साल को कांग्रेस से निष्कासित, अनुशासन समिति की संस्तुति पर महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा
मेरठ। महानगर कांग्रेस कमेटी महासचिव शमशाद महागीर को पार्टी विरोधी गतिविधियों एवं अनुशासनहीन आचरण के आरोप में अनुशासन समिति की संस्तुति पर महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा द्वारा तत्काल प्रभाव से 6 वर्ष के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल निष्कासित (बर्खास्त) किया गया है।
कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन वर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक अनुशासित एवं विचारधारा-आधारित संगठन है, जहां संगठन के नियमों, मयार्दाओं और अनुशासन का पालन प्रत्येक सदस्य का सर्वोच्च कर्तव्य है। संगठन-विरोधी कार्यवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। यह निर्णय पार्टी की गरिमा, अनुशासन और संगठनात्मक एकता को बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। निष्कासन कि सूचना उत्तर प्रदेश कार्यालय व प्रदेश अनुशासन समिति के अध्यक्ष को भेज दी गई है।
यह कहा रंजन शर्मा ने
शहर कांग्रेस के अध्यक्ष रंजन शर्मा ने कहा कि कांग्रेस एक अनुशासित संगठन है। अनुशासनहीनता किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कांग्रेस संगठन और उसके तमाम बड़े नेता जिनमें सांसद व लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी, प्रदेश कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय सरीखे प्रदेश कांग्रेस के नेता लोकतंत्र व संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं ऐसे में किसी की भी अनुशासनहीनता सहन नहीं की जा सकती।