
सभी बूथों पर सुनी गई पीएम के मन की बात, मन की बात कार्यक्रम के 125वें एपिसोड का आयोजन
मेरठ/ पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम को महानगर के सभी मंडलों में सुना गया। रविवार को अग्रसेन मंडल, जैन नगर नगर विधानसभा के बूथ संख्या 42 पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 125वें एपिसोड का लाइव प्रसारण देखा गया। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी भी मौजूद रहे। पीएम मोदी ने इस एपिसोड में प्राकृतिक आपदा, खेल और खिलाड़ी, इनोवेशन, शिक्षा तथा वोकल फॉर लोकल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि मानसून के इस मौसम में प्राकृतिक आपदाएं देश की परीक्षा ले रही हैं। पिछले कुछ हफ्तों में भीषण बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं हुईं, जिन्होंने हर भारतीय को व्यथित किया है। प्रधानमंत्री ने उन परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। उन्होंने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में एनडीआरएफ व एसडीआर के सुरक्षा बलों के जवानों के अथक प्रयासों की सराहना की। प्रधानमंत्री ने यूपीएससी की फाइनल सूची में चयनित न हो सके उम्मीदवारों के लिए प्रतिभा सेतु डिजिटल प्लेटफॉर्म का उल्लेख किया, जिसमें उनकी जानकारियां अपलोड की जा रही हैं। यह जानकारी देश की प्रमुख कंपनियों के साथ साझा की जाएगी, जिससे उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष कमल दत्त शर्मा, महानगर महामंत्री विकास गुप्ता, अरविंद गुप्ता (मारवाड़ी) और अंकित सिंघल भी उपस्थित रहे।