हाईकोर्ट बैंच के लिए मांगा समर्थन,सभी व्यापारी संगठनों का समर्थन का एलान, 17 को बंद का किया एलान
मेरठ। मेरठ बार एसोसिएशन की हाई कोर्ट बेंच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को आबूलेन पहुंचकर व्यापारियों से समर्थन मांगा। समिति के चेयरमैन संजय शर्मा, बार के महामंत्री राजेन्द्र सिंह राणा, वरिष्ठ अधिवक्ता एम.पी. शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता नेपाल सिंह सोम, बार के पूर्व अध्यक्ष डी.के. शर्मा सहित कई अधिवक्ता आबूलेन व्यापारियों से मुलाकात करने आए। प्रतिनिधिमंडल ने 17 दिसम्बर को प्रस्तावित पश्चिमी उत्तर प्रदेश बंद के लिए व्यापारिक संगठनों से समर्थन का अनुरोध किया, अधिवक्ताओं का आबूलेन व्यापार संघ के पदाधिकारियों और स्थानीय व्यापारियों द्वारा सम्मानपूर्वक स्वागत किया। बैठक में हाई कोर्ट बेंच स्थापना की आवश्यकता, आंदोलन की पृष्ठभूमि और न्यायिक पहुँच में हो रही देरी जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। व्यापारिक संगठनों ने विषय की गंभीरता को देखते हुए अपना समर्थन व्यक्त किया।
इन्होंने दिया समर्थन
जिन संगठनों ने समर्थन व सहमति प्रदान की उनमें पी.एल. शर्मा रोड व्यापार संघ के अध्यक्ष संजय गोयल, बेगमपुल व्यापार संघ के अध्यक्ष पुनीत शर्मा एवं मंत्री गौरव गुप्ता, सदर व्यापार मंडल के महामंत्री विक्की दुआ, मेरठ व्यापार मंडल के अध्यक्ष जीतू सिंह नागपाल, आबूलेन व्यापार संघ (केंद्रीय) के अध्यक्ष संजय महेश्वरी एवं उपाध्यक्ष अतुल गुप्ता शामिल रहे।
इस मौके पर आबूलेन व्यापार संघ से अध्यक्ष आकाश खन्ना, महामंत्री सरदार राजबीर सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरदार भूपिंदर सिंह, उपमहामंत्री विशाल अग्रवाल, संगठन मंत्री नितिन महेश्वरी, मीडिया प्रभारी सचिन रस्तोगी, मंत्री अंकुर गुप्ता, संजय मुंजाल, निखिल खन्ना, हिमांशु मुल्तानी, अजय अग्रवाल, शम्मी आनंद और सागर गुप्ता उपस्थित रहे। इसके साथ ही वरिष्ठ व्यापारी सुनील दुआ सहित अनेक प्रतिष्ठित व्यापारियों ने भी समर्थन दर्ज कराया।
आबूलेन व्यापार संघ के महामंत्री सरदार राजबीर सिंह ने कहा कि हाई कोर्ट बेंच की स्थापना पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों का न्याय तक समान पहुँच का अधिकार सुनिश्चित करेगी। वर्षों से लोगों को न्याय प्राप्त करने हेतु अतिरिक्त दूरी, समय और आर्थिक बोझ उठाना पड़ता है, जिसे अब समाप्त होना चाहिए। उन्होंने कहा कि 17 दिसम्बर का बंद पूर्णत: जनहित से जुड़ा कदम है और आबूलेन व्यापार संघ इस बंद को पूर्ण नैतिक समर्थन प्रदान करता है। सरदार राजबीर सिंह ने व्यापारियों से अपील की कि वे शांत, संयमित और जिम्मेदारी के साथ इस महत्वपूर्ण न्यायिक माँग को मजबूत बनाते हुए अपना सहयोग दें, ताकि यह विषय प्रभावी रूप से सरकार और न्यायपालिका तक पहुँचे।