सदन में जमकर हुआ हंगामा, सत्ता और विपक्ष के सांसदों में जमकर बहस, गृहमंत्री के भाषण के दौरान हुआ बवाल
नई दिल्ली। ओम बिरला की कुर्सी सलामत है। उनके खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव ध्वनिमत से गिर गया। वोटिंग की नौबत नहीं आयी। इस दौरान जमकर हंगामा भी हुआ। एक बारंगी तो गृहमंत्री अमित शाह और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बीच जबरदस्त टकराव की स्थिति सदन में बन गयी।
अमित शाह के भाषण के दौरान हंगामा
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जैसे ही विश्वासमत पर बहस के दौरान बोलने के लिए खड़े हुए। सदन में विपक्षी सांसदों ने हंगामा कर दिया। हंगामा इतना जबरदस्त था कि कुछ भी सुना नहीं जा रहा था। बस चींखने चिल्लाने की आवाजें आ रही थीं। सदन में भाषण के दौरान सदन में हंगामा शुरू हो गया जिसके बाद पीठासीन अध्यक्ष जगदंबिका पाल ने मतदान के लिए विपक्षी सांसदों को सीट पर वापस लौटने को कहा।विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के बीच जगदंबिका पाल ने ध्वनिमत कराया जिसमें ये प्रस्ताव गिर गया, इसके बाद सदन को दिनभर के लिए स्थगित कर दिया गया। अमित शाह ने विपक्ष पर स्पीकर ओम बिरला के ख़िलाफ़ अविश्वास प्रस्ताव लाकर लोकतंत्र की नींव पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। वहीं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि उन्हें ‘सदन में बोलने नहीं दिया जाता’ है।
प्रियंका गांधी जमकर गरजीं
सदन में प्रियंका गांधी के भाषण की सबसे ज्यादा चर्चा है। उन्होंने कहा कि सदन में एक ही व्यक्ति ऐसा है जो केंद्र सरकार से बिलकुल नहीं डरता और जमकर केंद्र की खामियों को हर वक्त उजागर करता है। उन्होंने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को खत्म कर दिए जाने के भी गंभीर आरोप लगाए। कई अन्य सांसदों ने भी केंद्र पर जमकर हमले किए।