पीएम मोदी व सीएम योगी हैं आने, 22 फरवरी को एक लाख के जुटने की उम्मीद, भाजपा नेताओं के साथ की अफसरों ने बैठक
नई दिल्ली/ मेरठ। पीएम मोदी और सीएम योगी के 22 फरवरी के आगमन को देखते हुए पुलिस प्रशासन तथा भाजपा संगठन के पदाधिकारियों ने अपने-अपने स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस मौके पर मोहिउद्दीनपुर में होने वाली पीएम की रैली के लिए करीब एक लाख लोगों के जुटने की उम्मीद जाहिर की जा रही है। रैली स्थल इंतजामों का जायजा लेने के लिए दिन में कई बार भाजपा नेताओं की गाड़ियां पहुंच रही हैं। इसके अलावा दिल्ली से आने वाले अफसर भी सुरक्षा इंतजामों का जायजा ले रहे हैं। प्रदेश भाजपा संगठन से भी कई नेता मेरठ पहुंच चुके हैं और तैयारियों को लेकर स्थानीय नेताओं के साथ कोऑडिनेट कर रहे हैं।
अफसरों ने की मिटिंग
पीएम मोदी व सीएम योगी के आगमन को देखते हुए प्रशासन के अलावा सिस्टम को चलाने वाले दूसरे महकमों के अफसर भी लगातार तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। उनकी गाड़ियां आज भी कई बार रैली स्थल पर पहुंचीं। सबसे ज्यादा सक्रियडीएम डा. वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडेय, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय मीना सरीखे अफसर नजर आ रहे हैं। रैली स्थल के अलावा जहां-जहां पीएम व सीएम का मूवमेंट होना है, वहां के इंतजामों को भी दुरूस्त किया जा रहा है। भाजपा नेताओं का कहना है कि दरअसल सीएम योगी ने पहले ही मेरठी अफसरों से कह दिया है कि यदि कोई कमी रह गयी तो फिर खैर नहीं है।
ये हैं तैयारियां
पीएम व सीएम के आगमन को देखते हुए अफसर रैपिड के स्टेशनों का भी निरीक्षण कर रहे हैं। हालांकि एनसीआरटीसी के अफसर लगातार अपनी ओर से यही प्रयास कर रहे हैं कि कोई कोर कसर ना रह जाए। इनके अलावा प्रशासन व पुलिस के डीएम व एसएसपी सरीखे अफसरों का काफिला भी वहां तैयारियों को परखने के लिए पहुंच रहा है। तैयारियों के चलते ही दिल्ली रोड मोहकमपुर में पांच हेलीपैड तैयार किए जा रहे हैं। पीएम मोदी यहां से कार द्वारा शताब्दी नगर स्टेशन पहुंचेंगे। शुभारंभ कार्यक्रम के बाद वह नमो भारत ट्रेन (Rapid Rail) में सवार होकर मेरठ साउथ स्टेशन पर पहुंचेंगे। वहां से दो किमी कार द्वारा दोपहर 12.50 बजे मोहिउद्दीनपुर में जनसभा स्थल पर पहुंचेंगे। पीएम मोदी जनसभा को संबोधित करने के बाद दोपहर 2.20 बजे हेलिकाप्टर से नई दिल्ली लौटेंगे।
भाजपा नेता भी अलर्ट मोड पर
पीएम व सीएम के कार्यक्रम के चलते भाजपा के तमाम नेता व जनप्रतिनिधि अलर्ट मोड पर हैं। राज्यसभा सदस्य डा. लक्ष्तीकांत बाजपेयी, ऊर्जा राज्य मंत्री डा सोमेन्द्र तोमर, जल शक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक, एमएलए अमित अग्रवाल, एमएलसी धर्मेन्द्र भारद्वाज व अश्विनी त्यागी, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसोदिया, महापौर हरिकांत अहलूवालिया महानगर अघ्यक्ष विवेक रस्तोगी तैयारियों में लगे अफसरों से लगातार संपर्क बनाए हैं।