काम में जुटे एनसीआरटीसी अफसर, अभी भी काफी कुछ है अधूरा, रुड़की रोड पर डिवाइडर पर जालियां और पौधों में पानी
नई दिल्ली/लखनऊ/मेरठ। पीएम मोदी व सीएम योगी का 22 फरवरी का कार्यक्रम फाइनल होते ही एनसीआरटीसी और उसकी कार्यदायी संस्थाओं के अफसर तमाम साइटों पर रूके हुए और लंबित काम निपटाने में जुट गए हैं। बेगमपुल और रुड़की रोड स्थित डोरली स्टेशन का रूका हुआ काम उम्मीद की जा रही है कि आने वाले पांच दिन के भीतर निपटा दिया जाएगा। दरअसल अफसरों की सबसे बड़ी मुसीबत इस समय रुड़की रोड पर सड़क के एक साइड नाले का निर्माण कार्य का चलना है। नाले के काम के चलते इस हाइवे पर सिल्ट के पहाड़ बन गए हैं। नाला बनाने वाला ठेकेदार नाले के लिए पुराने नाले की खुदाई तो करा रहा है, लेकिन जो सिल्ट और मलवा निकला रहा है उसको हाथों हाथ नहीं हटाया जा रहा है, इसकी वजह से रैपिड प्रोजेक्ट का काम निपटाए जाने में बाधा आ रही है। हालांकि अच्छी बात यह है कि जिन कालोनियों और दुकानों के सामने ठेकेदार खुदाई कर रहा है, वहां के रहने वाले लोग खुद ही मलवा और सिल्ट को हटवा रहे हैं। इसके लिए प्राइवेट जेसीबी व ट्रैक्टर-ट्रालियां लगवायी जा रही हैं। इस काम के कारण सबसे ज्यादा प्रभावित रैपिड का कार्य हो रहा है।
हरे किए जा रहे हैं पौधे
रैपिड रेल प्रोजेक्ट के चलते एनसीआरटीसी के रूडकी रोड पर काम कर रही कंपनी ने जिन पिलरों के ऊपर रैपिड ट्रेन दौड़ रही है, उनके नीचे डिवाइडर बनाकर उसमें मिट्टी का भराव कराया था। भराव कराने के बाद यहां पौधे लगवाए गए थे। यह बात अलग है कि लगवाए जाने के कुछ ही समय बाद ये पौधे देखभाल ना किए जाने की वजह से मुरछा गए या मर गए। रूड़की रोड से रैपिड रूट के लेखा नगर से लेकर मोदीपुरम फ्लाई ओवर और यहां से आगे पल्वपुरम साइट के नीचे पौधे लगाए गए थे। लेखा नगर से मोदीपुरम फ्लाई ओवर तक यूं तो कई बार पौधे लगाए गए, लेकिन उचित देखभाल ना किए जाने के चलते हर बार ये पौधे मर जाते हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान भी अच्छी खासी रकम खर्च कर यहां पौधे लगवाए गए थे, लेकिन वो भी नष्ट हो गए। उसके बाद भी पौधे लगवाए गए वो भी नष्ट आ गए। अब जब पीएम व सीएम का कार्यक्रम फाइनल हो गया है तो एक बार फिर से पौधे लगाए जाने की कवायद की जा रही है। नाम न छापे जाने की शर्त पर यहां काम की निगरानी कर रहे एक शख्स से बताया कि पौधे तो हजारों की संख्या में पहले ही खरीद लिए गए थे, लेकिन उन्हें लगाया नहीं जा सका। अब जब पीएम व सीएम का कार्यक्रम फाइनल हो गया है तो इन पौधों को गोदाम से निकालकर यहां लाया गया है।
डिवाइडर का अधूरा काम
रूड़की रोड डिवाइडर के कार्य की बात करें तो एनसीआरटीसी की कार्यदायी संस्थान ने कभी भी इसको एक मुश्त निपटाने का प्रयास नहीं किया। इसको हमेशा किश्तों में निपटाया जाता। पिछले काफी लंबे अरसे डिवाइडर पर काम नहीं कराया गया। जिसकी वजह से डिवाइडर जगह जगह से टूट गया और मिट्टी सड़क पर आ गयी। अब जब पीएम व सीएम का कार्यक्रम फाइनल हो गया है तो इसकी भी सुध ली गयी है। टूटे डिवाइडर की मरम्मत करायी जा रही है। इसके अलावा डिवाइडर पर जहां जहां जालियां लगायी जानी बाकि रह गयी थीं, वहां भी लोहे की जालियां लगवायी जा रही हैं। इन जालियों पर रंगाई पुताई का काम भी चल रहा है। इसके अलावा रूडकी रोड के एमईए कालोनी व डोरली स्टेशन का जो काम रूका हुआ है उसको भी पूरा कराया जा रहा है। सबसे ज्यादा काम डोरली स्टेशन पर है। इस स्टेशन पर जिस साइड में नालों का निर्माण कार्य चल रहा है, उस तरफ से आने जाने का रास्ता अभी भी माकूल नहीं है। वहां काफी काम बाकि होना रह गया है, हालांकि अच्छी बात यह है कि अब यह काम शुरू करा दिया गया है।