बोले नेहरू की वजह से आधा कश्मीर मिला, पटेल चाहते थे पूरा काश्मीर हो भारत का, दशकों से इसकी पीड़ा झेल रहा भारत
अहमदाबाद। ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पंड़ित जवाहर लाल नेहरू पर निशाना साधा। पीएम मोदी ने गुजरात के केवड़िया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्पांजलि अर्पित की और एक भव्य परेड का उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कांग्रेस और पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर निशाना साधते हुए कहा कि सरदार पटेल पूरे कश्मीर को भारत से जोड़ना चाहते थे, लेकिन नेहरू ने इसे रोक दिया, जिससे देश को दशकों तक पीड़ा झेलनी पड़ी।
कश्मीर को अलग संविधान और झंडा
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के निकट एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में पीएम मोदी ने कहा, “सरदार पटेल ने 562 रियासतों को एकजुट कर भारत का नक्शा बनाया। वे पूरे कश्मीर को भी अन्य रियासतों की तरह भारत से जोड़ना चाहते थे, लेकिन नेहरू जी ने उनकी यह इच्छा पूरी नहीं होने दी। कश्मीर को अलग संविधान और झंडा दिया गया, जिसकी सजा देश को दशकों तक भुगतनी पड़ी।” उन्होंने आगे जोर देकर कहा कि भारत अब हर घुसपैठिए को जड़ से उखाड़ फेंकेगा और नक्सल-माओवादी आतंक के अवशेषों को कुचल देगा।