चौदह दिसंबर को कांग्रेस की रैली, वोट छोड़ गद्दी छोड़ का दिया नारा, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल व अजय राय रहे मौजूद
नई दिल्ली/मेरठ। शहर कांग्रेस अध्यक्ष रंजन शर्मा गुरूवार को नई दिल्ली स्थित इंद्रा भवन में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी व केसी वेणुगोपाल के द्वारा बुलायी बैठक में शामिल हुए। रंजन शर्मा के साथ शहर कांग्रेस के कई कार्यकर्ता भी इस बैठक में पहुंचे। बैठक में चौदह दिसंबर को आयोजित वोट चोर गद्दी छोड़ रैली को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई। इस बैठक में सबसे ज्यादा जिम्मेदारी वेस्ट यूपी के कंधों पर रहेगी।
यह रहे मौजूद
रंजन शर्मा ने बताया कि दिल्ली स्थित इंद्रा भवन में कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी, संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने दिल्ली मैं 14 दिसंबर को आयोजित होने वाली “वोट चोर गद्दी छोड़” महा रैली की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक की।
श्रीमती प्रियंका गांधी ने रैली की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने कहा
“यह रैली जनता की आवाज़ है। देश के हर नागरिक को महसूस होना चाहिए कि उसकी बात सुनी जा रही है। कांग्रेस पार्टी जनता के संघर्ष के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।” बैठक में महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा, अवनीश काजला, विशाल वशिष्ठ, अरुण त्यागी, हेमन्त प्रधान, अभिमन्यु त्यागी, विवेक त्यागी, सलीम खान सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रंजन शर्मा ने कहा
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा ने बताया कि मेरठ समेत पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली की इस ऐतिहासिक रैली में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि जनता अब महंगाई, बेरोज़गारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट हो चुकी है और 14 दिसंबर की रैली जनआवाज़ को देश की राजधानी तक पहुँचाने वाला एक निर्णायक कदम होगी।