गाजियाबाद में पुरानी दरों से होगा हाउस टैक्स जमा, महापौर सुनीता दयाल का एलान, मेरठी भाजपाई बोले महापौर बुलाएं स्पेशल बोर्ड
गाजियाबाद/मेरठ। हाउस टैक्स की दरों में यदि गाजियाबाद के लोगों को वहां की महापौर पुरानी दरों का हाउस टैक्स जमा करने की राहत दे सकती हैं तो फिर मेरठ की जनता को यह राहत महापौर क्यों नहीं दिला सकते। वो क्यों नहीं नगर निगम बोर्ड की विशेष बैठक बुला रहे हैं। पांच सौ गुना तक हाउस टैक्स की दरें बढ़ाए जाने से मेरठ की जनता बेहाल है। उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि क्या करें और जो कर सकते हैं वो कुछ क्यों नहीं कर रहे हैं। बस इतना सा सवाल भाजपा के पूर्व पार्षद नरेन्द्र उपाध्याय का महापौर से है। केवल नरेन्द्र उपाध्याय ही नहीं भाजपा के तमाम पार्षद और नेता महापौर से स्पेशल बोर्ड बैठक बुलाए जाने की तवक्को रखते हैं। नरेन्द्र उपाध्याय ने बताया कि गाजियाबाद की महापौर सुनीता दयाल ने वहां की जनता को पुरानी दरों पर ही हाउस टैक्स जमा करने की बात कही है।
इससे पहले यह हुआ
चार दिन पहले गाजियाबाद में हाउस टैक्स की बढ़ी दरों को लेकर समाजवादी पार्टी में बड़ा विरोध प्रदर्शन किया था। उस विरोध प्रदर्शन को आम जनता का भी साथ मिला था। ऐसा नहीं कि मेरठ में यह नहीं हुआ, यह बात अलग है कि गाजियाबाद में जितने बड़े स्तर पर सपा ने विरोध प्रदर्शन किया, वैसा यहां अभी तक नहीं हुआ। भाजपा के तमाम पार्षदों ने अपने स्तर से अनेक बार विरोध जताया। नरेन्द्र उपाध्याय ने कुछ दिन पहले अन्य पार्षदों तथा आम जनता को साथ लेकर कैंप कार्यालय पर पहुंचकर महापौर को घेर लिया था। उनसे निगम बोर्ड की स्पेशल बैठक बुलाए जाने की मांग की थी, यह बात अलग है कि महापौर बढ़ी हुई दरों को सही साबित करने पर तुले रहे और बोर्ड की स्पेशल बैठक नहीं बुलायी गयी। जबकि सभी दलों के पार्षद चाहते हैं कि हाउस टैक्स के मुद्दे पर जनता को राहत मिले।
कांग्रेस व सपा का सड़कों पर उतरने का एलान

हाउस टैक्स के सवाल पर कांग्रेस व सपा ने सड़कों पर उतरने का एलान किया है। शहर कांग्रेस के अध्यक्ष रंजन शर्मा ने हाउस टैक्स के दरों को लेकर नगर निगम प्रशासन के रवैये की तीखी आलोचना की है। उन्होंने सवाल किया है कि महापौर क्यों नहीं स्पेशल बोर्ड बुला रहे हैं। शहर कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सलीमुद्दीन शाह ने बताया कि रंजन शर्मा के नेतृत्व में नगर निगम मेरठ द्वारा मेरठ की गरीब जनता के भवन पर अंधाधुंध टैक्स लगाकर जनता परेशान किया हुआ है, दूसरे अगर जनता का आदमी अपनी शिकायत लिखित में देता है, तो शिकायतकर्ता की शिकायत को जमा नहीं करते हैं, जबकि यह उसका संविधानिक अधिकार है, इन्ही समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन मेरठ महानगर कांग्रेस नगरायुक्त को दिया जाएगा।

क्या उन्हें महानगर की जनता की परेशानी नजर नहीं आ रही है। सपा नेता चांद ने कहा है कि उन्होंने हाउस टैक्स के सवाल पर संगठन के जिलाध्यक्ष से बात की है। उनकी पार्टी शीघ्र ही इसको लेकर प्रदर्शन करेगी।