शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के चेयरमैन मेरठ पहुंचे, मुतावल्लिशिप को लेकर फिर चर्चाओं का बाज़ार गर्म, चेयरमैन ने किया बैंक शाखा का उद्घाटन
मेरठ। उत्तर प्रदेश शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के चेयरमैन अली ज़ैदी बुधवार को मेरठ पहुंचे। उनके पहुंचते ही यहां मनसबिया को लेकर सुगबुगाहटों का दौर शुरू हो गया। यहां उन्होंने भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर बासित अली के साथ संयुक्त रूप से हापुड़ रोड स्थित हबीब प्लाज़ा में एक्सिस बैंक की शाखा का उद्घाटन किया। बैंक प्रबंधन ने अली ज़ैदी का स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एक्सिस बैंक की शाखा खुलने से क्षेत्रवासियों को सुलभ बैंकिंग सेवा उपलब्ध होगी। इस अवसर पर सौरभ महाजन, अनवर जैदी, मानसी गोयल, सलीम सैफी और बाकर ज़ैदी मुख्य रूप से मौजूद थे।
मनसबिया को लेकर फिर सुगबुगाहटें!
/उत्तर प्रदेश शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के चेयरमैन अली ज़ैदी के मेरठ पहुंचने पर वक्फ मनसबिया की मुतवल्लीशिप को लेकर एक बार फिर से सुगबुगाहटों का दौर शुरू हो गया। हालांकि वक्फ मनसबिया प्रकरण के चलते मीडिया को चेयरमैन के दौरे से दूर रखा गया। बैंक शाखा के उद्घाटन के बाद चेयरमैन अली ज़ैदी रामबाग कॉलोनी स्थित बाकर ज़ैदी के आवास पर पहुंचे। सूत्रों के यहां एक बार फिर चेयरमैन ने बाकर ज़ैदी और दूसरे लोगों के साथ मनसबिया प्रकरण पर चर्चा की।
दूरी बनाए हैं बाकर जैदी
सूत्रों के अनुसार मनसबिया का कंट्रोलर नियुक्त होने के बावजूद बाकर ज़ैदी अभी तक भी मनसबिया के काम काज से दूर हैं। बताया जाता है कि मुतवल्लिशिप का मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन होने के कारण बोर्ड और जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग वेट एंड वॉच की स्थिति में है। बताया जाता है कि हाई कोर्ट इस मामले में 24 फरवरी को सुनवाई करेगा।