
विरोध में ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन का हंगामा, असिस्टेंट व ज्वाइंट कमिश्नर से मिली ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन, अवैध रूप से माल की ढुलाई का आरोप
मेरठ। उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन मेरठ के प्रतिनिधि मंडल ने शनिवार को हंगामा करते हुए असिस्टेंट कमिश्नर व ज्वाइंट कमिश्नर से मुलाकात की। अध्यक्ष गौरव शर्मा व व्यापारी नेता विपुल सिंहल के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधि मंडल ने राज्य कर विभाग की सचल टीम द्वारा ट्रांसपोर्टरों की गाड़ियों को अनावश्यक रूप से रोककर प्रताड़ित किए जाने के विरोध में राज्य कर विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
उन्होंने एल-ब्लॉक स्थित राज्य कर कार्यालय में असिस्टेंट कमिश्नर तबस्सुम सिद्दीकी व मंगल पांडे नगर स्थित कार्यालय में ज्वाइंट कमिश्नर अमित कुमार पाठक से वार्ता की। गौरव शर्मा ने कहा कि ट्रांसपोर्टर पूरी ईमानदारी एवं नियमों के अनुसार व्यापारियों का माल एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। उनके पास सभी वैध बिल, दस्तावेज एवं सरकारी औपचारिकताएं पूर्ण होती हैं, इसके बावजूद कई बार बिना ठोस कारण के गाड़ियों को पकड़कर एल-ब्लॉक ले जाया जाता है, जहां दो से तीन दिनों तक उन्हें रोका जाता है। इससे ट्रांसपोर्टरों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है, साथ ही व्यापारियों का भी नुकसान होता है।
अवैध रूप से माल की ढुलाई
उन्होंने आरोप लगाया कि जहां वास्तविक रूप से कर चोरी की जाती है, जैसे बिना बिल या कम मूल्य के बिल बनाकर माल ढोया जाता है, अथवा नियमों के विपरीत परिवहन किया जाता है, वहां विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। महानगर में स्थानों पर बसों के माध्यम से अवैध रूप से माल ढुलाई की जा रही है। विशेष रूप से जीआईसी कॉलेज रोड के सामने शाम 7 बजे के बाद जयपुर व अन्य लंबी दूरी की बसों में खुलेआम माल लादा जाता है, जिससे लाखों रुपये की कर चोरी हो रही है। उन्होंने बताया कि बसों में अत्यधिक माल लादने से यात्रियों की जान-माल को भी गंभीर खतरा बना रहता है, क्योंकि निर्धारित सीमा से अधिक भार होने के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ सकता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
इस पर ज्वाइंट कमिश्नर अमित कुमार पाठक ने आश्वासन दिया कि भविष्य में जीआईसी के सामने बसों में माल लादने की गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी। सूचना मिलने पर संबंधित माल को जब्त कर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि ईमानदारी से कार्य करने वाले ट्रक मालिकों एवं ट्रांसपोर्टरों को किसी भी प्रकार से अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाएगा।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर संयुक्त व्यापार समिति के अध्यक्ष विपुल सिंघल, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के महामंत्री दीपक गांधी, कोषाध्यक्ष रोहित कपूर, खेता सिंह, संतोक सिंह, विजय विनायक, अंकुर प्रजापति, नीरज शर्मा, दिवेश रस्तोगी, अनीश चौधरी, अतुल शर्मा, शिवम, बबलू, विनायक, नीरज मुल्तानी, विपुल शर्मा सहित बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्टर उपस्थित रहे।