कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा, कैंट के चुनाव की मांग, जनहित से जुड़े तमाम मुद्दे उठाए
नई दिल्ली। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विनीत अग्रवाल शारदा ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। भाजपा नेता शारदा राजनाथ सिंह से उनके अकबर रोड, नई दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर मिले। इस अवसर पर विनीत अग्रवाल शारदा ने मेरठ कैंट बोर्ड से संबंधित लंबे समय से लंबित एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को केंद्रीय रक्षा मंत्री के समक्ष विस्तारपूर्वक रखा। उन्होंने कहा कि देशभर के कैंट क्षेत्रों के सिविल एरिया को नगर निगम में शामिल किया जाए, जिससे वहां निवास करने वाली जनता को मूलभूत सुविधाएं एवं विकास कार्य सुचारू रूप से प्राप्त हो सकें।
शारदा बोले कैंट बोर्ड के चुनाव कराएं
विनीत शारदा ने यह भी अवगत कराया कि 17 जून 2015 के बाद से कैंट बोर्ड के चुनाव नहीं हुए हैं, जिसके कारण वर्षों से जनहित के अनेक कार्य बाधित पड़े हैं। उन्होंने कैंट बोर्ड चुनाव शीघ्र कराए जाने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वर्तमान में कैंट क्षेत्र में रहने वाली जनता को नहीं मिल पा रहा है, जिसे शीघ्र सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
बायलॉज में हो संशोधन
उन्होंने कैंट बोर्ड के बायलॉज में संशोधन, सब-डिवीजन व्यवस्था को समाप्त करने तथा मेरठ कैंट बोर्ड को पूर्व में भेजे गए पत्रों पर शीघ्र कार्रवाई किए जाने का भी आग्रह किया। इसके अतिरिक्त दिल्ली–गाजियाबाद–मेरठ रैपिड रेल कॉरिडोर पर लागू ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (टीओडी) नीति को मेरठ के बेगमपुल, आबूलेन सहित कैंट क्षेत्र में भी लागू किए जाने की मांग रखी, जिससे क्षेत्र के विकास को गति मिल सके। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विनीत अग्रवाल शारदा द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि इन जनहित से जुड़े मुद्दों पर शीघ्र एवं सकारात्मक समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।