
इंटरनेट बंद, हंगामा करने वालों पर पुलिस की सख्ती, विहिप का सोमवार को कटक बंद का है एलान
नई दिल्ली/कटक। विश्व हिन्दू परिषद की बाइक रैली के संप्रदाय विशेष के इलाके में पहुंचने के बाद हुए उपद्रव के बाद पुलिस ने जमकर लाठीचार्ज किय और आसूगैस के गोले छोड़े। दरअसल विहिप ने सोमवार को कटक बंद करने का एलान किया है। उसके समर्थन में रविवार की रात बाइक रैली निकाली जा रही थी जब यह रैली दरगाह इलाके से गुजर रही थी, उसी दौरान कुछ आपत्तिजनक नारेबाजी शुरू हो गयी। बस फिर क्या था। देखते ही देखते वहां उपद्रव शुरू हो गया। जेल रोड पहुंचते पहुंचते तो हालात बेकाबू हो गए। तमाम वाहनों को तोड़ दिया गया। आगजनी का प्रयास किया। इस प्रकार की आशंका पहले से भी जतायी जा रही थीं, बीते शुक्रवार को भी कुछ ऐसा ही हुआ था। इस घटना को लेकर विहिप व भाजपा के नेता कटक पुलिस प्रशासन के अफसरों को खरीखोटी सुना रहे हैं। वहीं दूसरी ओर बीते शुक्रवार रात हुई हिंसक झड़प में डीसीपी समेत छह से अधिक लोग घायल हुए थे। इनमें दो लोगों की हालत गंभीर है। छह आरोपित गिरफ्तार किए गए हैं। विहिप के जिला अध्यक्ष वासुदेव बेहेरा, कार्यकारी अध्यक्ष गौर कैलाश राव, सचिव देवी प्रसाद महापात्र और जिला प्रभारी पवित्र मोहन दास ने मीडिया को यह जानकारी दी।