मेरठ। महानगर की दक्षिण विधानसभा में भाजपा ने गुरूवार को एकता यात्रा निकाली। यात्रा में भारी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता शामिल हुए। यात्रा का नेतृत्व प्रदेश के ऊर्जा राज्यमंत्री डा. सोमेन्द्र तोमर ने किया। यात्रा में संगठन के महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तौगी के अलावा दक्षिण विधानसभा के सभी मंडल पदाधिकारी भी शामिल हुए। विधानसभा क्षेत्र में जहां जहां से भी यात्रा होकर गुजरी वहां पुष्पवर्षा की गयी। व्यापारियों ने सेंट्रल मार्केट में यात्रा का भव्य स्वागत किया। यात्रा के दौरान भारत माता की जय के खूब नारे लगाए गए। महानगर भाजपाध्यक्ष विवेक रस्तौगी ने कहा कि दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में ऊर्जा राज्यमंत्री डा. सोमेन्द्र तोमर के नेतृत्व में निकाली गई एकता यात्रा में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता तथा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के लोग शामिल रहे। महानगर में भाजपा की एकता यात्राओं में उमड़ रही भीड़ इस बात का प्रमाण है कि उत्तर प्रदेश से विपक्ष पूरी तरह से समाप्त हो चुका है।