विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले अखिलेश यादव डरे हुए हैं, मन की बात मीडिया के समक्ष साझा की
मेरठ/शहर में चौराहों पर जाम और सड़कों पर छुट्टा गोवंश से आम आदमी ही नहीं जिले के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह भी परेशान और चिंतित हैं। उन्होंने अपने मन की बात मीडिया के समक्ष सर्किट हाउस में साझा की।
प्रभारी मंत्री ने माना कि शहर में जाम और छुट्टा गोवंश की गंभीर समस्या है। धर्मपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों से बात कही है। साथ ही यह भी कहा कि मेरठ में संसाधनों की कोई कमी नहीं है। ट्रेफिक पुलिस का पूरा अमला यहां मौजूद है। हालांकि माना की जाम और सड़कों पर छुट्टा गोवंश की समस्या तो है। उन्होंने बताया कि डीएम से कहा गया है कि गोशाला में भूसे और चारे का ध्यान रखा जाए। गोवंश को ठंड़ से बचाने का पुख्ता इंतजाम किया जाए।
अखिलेश को सता रहा हार का डर
एसआईआर को लेकर पूछे गए सवाल पर धर्मपाल सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग बाइस साल बार एसआईआर करा रहा है। एसआईआर से वो डर रहे हैं जो फर्जी मतों से अब तक जीतते आए हैं। जो ठीक है उसको इससे डरने की कोई जरूरत नहीं है। चुनाव आयोग सभी से कह रहा है कि अपने प्रपत्र भरें, उनकी जांच होगी। यह कराने के पीछे मंशा यही है कि जो भी घुसपैठिये हैं उनको बाहर किया जा सके। वोेटर लिस्ट से उनके नाम निकाले जा सकें। सपा के अखिलेश यादव व विपक्ष के अन्य नेता इसीलिए एसआईआर से डरे हुए हैं क्योंकि वो अब तक फर्जी वोटों से चुनाव जीतते आए हैं। प्रभारी मंत्री ने मेरठ के विकास को लेकर तमाम बातें कहीं। उन्होंने कहा कि महापौर ने भी उनसे कई बातों पर चर्चा की हैं। विकसित उत्तर प्रदेशा के साथ-साथ विकसित मेरठ हो यही उनका लक्ष्य है। इस मौके पर महानगर भाजपाध्यक्ष विवेक रस्तौगी व कैंट विधायक अमित अग्रवाल, Doctor Somendar Tomar समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता भी मौजूद रहे।