मेयर का व्यापारियों को आश्वासन, विनीत शारदा बोले व्यापारियों के साथ, व्यापारियों की मांग मेडिकल की तर्ज पर बना कर दें दुकानें
मेरठ। टीपीनगर के मलियाना फ्लाई ओवर के कारोबारियों को महपौर हरिकांत अहलूवालिया ने भरोसा दिलाया है कि जो नोटिस नगर निगम से भेजे गए हैं उनको वापस लिया जाएगा। वहीं दूसरी ओर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा ने भरोसा दिलाया है कि किसी भी व्यापारी को उजड़ने नहीं दिया जाएगा। वहीं दूसरी ओर तमाम कारोबारी भरोसा दिए जाने के बाद भी उजाड़े जाने को लेकर आशंकित हैं। उनका कहना है कि जब तक नगर निगम के अधिकारियों से कोई आश्वासन नहीं मिल जाता और नोटिसों के संबंध में कोई आदेश नहीं कर दिया जाता तब तक उन पर उजाड़े जाने की तलवार लटकती रहेगी। दरअसल इन व्यापारियों का यह मानना है कि उसके पास जहां वो कारोबार कर रहे हैं उस जगह की मिलकितयत को साबित करने का कोई कागजात नहीं है। वो मान रहे है कि इस जगह पर वो सभी अवैध रूप से काविज हैं, लेकिन उनका तर्क है कि चालिस साल से ज्यादा का अरसा इस जगह पर कामधंधा कर परिवार पालते हुए उन्हें हो चुका है। ऐसेे कैसे उन्हें उजाड़ा जा सकता है। हालांकि इसके बाद भी वो जहां भी हो सकता है अपनी बात को पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना है कि वो केवल निगम प्रशासन से स्पष्ट भरोसा चाहते हैं।
मेडिकल की तर्ज पर हो दुकानों का आवंटन
इन व्यापारियों का कहना है कि जिस प्रकार से गढ़ रोड मेडिकल कालेज के बाहर सरकारी जमीन पर काम करने वाले व्यापारियों को नगर निगम ले दुकानें बनाकर दी हैं उसी तर्ज पर मलियाना फ्लाई ओवर के दुकानदारों को भी बजाए उजाड़े जाने के उन्हें दुकानें बनाकर स्थायी रूप से कारोबार करने के िलए आबाद किया जाए। दुकानदारों ने बताया कि इस जगह पर उनकी तीसरी पढ़ी कारोबार कर रही है। करीब चालिस साल हो चुके हैं इस जगह पर कारोबार करते हुए। उन्हें उजाड़ने की बात भी कैसे सोची जा सकती है। उन्हें उजाड़े जाने की बात करने के बजाए जो परेशानियां उन्हें आ रही हैं उन्हें दूर करने की बात की जानी चाहिए।
सभी को नोटिस नहीं
यह भी जानकारी दी गई है कि नगर निगम ने सभी व्यापारियों को नोटिस नहीं भेजे हैं। कुछ दुकानदारों को ही नोटिस भेजे गए हैं। जिन्हें नोटिस भेजे गए हैं उनमें बड़ी संख्या ऐसे दुकानदारों की है जो मलियाना नाले पर काविज हैं। हालांकि विरोध के बाद अन्य किसी व्यापारी को नोटिस नहीं भेजा गया है। लेकिन व्यापारी चाहते हैं कि जिन्हें भी नोटिस भेजे गए हैं वो भी वापस लिए जाने चाहिए। दरअसल जब से ये नोटिस भेजे गए हैं तब तक मलियाना फ्लाई ओवर के व्यापारियों का सुख चैन छिन गया है।
यह कहना है महपौर का
महपौर हरिकांत अहलूवालिया ने बताया कि मलियाना के व्यापारी उनसे मिले थे। उन्हें भरोसा दिया गया कि किसी को भी डरने या घबराने की जरूरत नहीं है। ना ही कोई व्यापारी उजाड़ा जाएगा। वहीं दूसरी ओर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा ने भी कहा है कि किसी भी व्यापारी को उजड़ने नहीं दिया जाएगा।