दर्जनों मकान सीलन से हुए खराब, सफाई की नहीं समुचित व्यवस्था, नाले नालियां लबालब, नाले नालियों में भरा डेयरी का गोबर
मेरठ। सदर के वार्ड नंबर छह धर्मपुरी व रंजीतपुरी इलाके में सैकड़ों मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। इसकी वजह नाले नालियों की सफाई ना होना बताया गया है, वहीं दूसरी ओर थाना सदर बाजार के समीप सरकारी जमीन पर कब्जा कर संचालित की जा रही डेयरी को गोबर नाले नालियों में बहाए जाने के कारण नाले नालियां चौंक है। जिसकी वजह से समुचित सफाई नहीं हो पा रही है। इलाके के लोगों ने इसको लेकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर वहां भाजपा नेता रजत वालिया भी पहुंच गए।
सेनेट्री सेक्शन हेड से वार्ता
कैंट बोर्ड के सेनेट्री सेक्शन हेड वीके त्यागी से बात की गई। उन्हें बताया गया कि नाले नालियों का पानी सड़क पर फैल गया है। वहां से निकलना भी दुश्वार हो गया है। नालों के ओवरफ्लो होने से घरों में सीलन आ गयी है। यह पिछले कई माह से हो रहा है। सेनेट्री सेक्शन हेड ने नाले नालों की सफाई कराए जाने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने बताया कि मौके पर सफाई गैंग भेज दिया गया है। इसके अलावा इस इलाके में नाले नालियों में गोबर बहाने वाले डेयरी संचालक पर भी कार्रवाई की जाएगी।