बगावत की दशहत या संजय का खौफ, फिर कुछ और है कारण, भाजपाई काट रहे कन्नी, मंडलायुक्त व जिलाधिकारी से मिलेंगे संजय
मेरठ नगर निगम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष का चुनाव आज भी नहीं कराया जा सका। हालांकि इसको लेकर वजह नहीं बतायी गयी है। लेकिन सूत्रों ने जानकारी दी है कि उपाध्यक्ष चुनाव को लेकर भाजपाइयों की घबराहट किसी से छिपी नहीं है। सूत्रों की मानें तो नगर निगम में भाजपा का खेमा नहीं चाहता कि जो कुछ कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव में हुआ उसको दोहराया जाए। नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव में जो कुछ भाजपा चाहती थी वो हो ना सका। फजीहत तो तब हुई जब जिन पार्षदों को भाजपा कार्यकारिणी में पहुंचाना चाहती थी वो ही चुनाव हो गए थे। कार्यकारिणी का चुनाव शुरू से ही भाजपा के लिए गले की फांस बना रहा। पहली बार जब हंगामा हुआ तो पार्षद संजय सैनी को संगठन से बाहर कर दिए जाने का एलान कर देना पड़ा, लेकिन जब निगम कार्यकारिणी के चुनाव हुए तो भाजपा को नुकसान की इबारत भी संजय सैनी के ही हाथों लिखी गयी। ऐसा ही कुछ अब उपाध्यक्ष चुनाव में नजर आ रहा है।
दो बार तारीखों का एलान
निगम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष के चुनाव का दो बार चार फरवरी और फिर ९ फरवरी की तारीख का एलान किया गया, लेकिन गैर भाजपाई पार्षदों का आरोप है कि दोनों ही तारीखों में भाजपा खेमा कार्यकारिणी उपाध्यक्ष का चुनाव कराने का साहस नहीं करा सका। इसके पीछे उपाध्यक्ष चुनाव को लेकर जो रणनीति बनायी गयी बतायी जाती है उसके लीक होने की बात सुनने में आ रही है। इस बीच जानकारी मिली है कि भाजपा का प्रयास है कि हाथ उठाकर उपाध्यक्ष का चुनाव करा दिया जाए, गैर भाजपाई पार्षद इसको गलत परंपरा करार दे रहे हैं और इसके विरोध की बात कह रहे हैं। उनका कहना है कि जो तरीका है और नियम है उसी के अनुसार उपाध्यक्ष चुनाव कराया जाना चाहिए।
मंडलायुक्त, जिलाधिकारी व नगरायुक्त को पत्र
कार्यकारिणी चुनाव में भाजपा की रणनीति पर पानी फेर देने वाले नगर निगम के वार्ड ५० के पार्षद संजय सैनी का कहना है कि नगर निगम एक्ट में कहीं भी उपाध्यक्ष चुनाव हाथ उठाकर कराए जाने का प्रावधान नहीं है। परंपरागत तरीके से चुनाव कराए जाने का प्रावधान दिया गया है। उसी के अनुसार ही चुनाव कराया जाना भी चाहिए। उनका कहना है कि यदि हाथ उठाकर चुनाव कराया गया तो इसका विरोध किया जाएगा। संजय जैनी ने बताया कि वह मंगलवार को मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और नगरायुक्त को इस संबंध में पत्र भी देंगे। बैल्ट पेपर से ही चुनाव कराया जाना चाहिए।