


एन वक्त तक रखा सस्पेंस, नामांकन से एन पहले कार्यकारिणी सदस्यों को बताया प्रत्याशी का नाम, विरोध में कोई नामांकन नहीं
मेरठ। कार्यकारिणी के सदस्यों के चुनाव में मिले सबक के बाद कार्यकारिणी उपाध्यक्ष के चुनाव में भाजपा ने सधी हुई चाल चली नतीजा यह हुआ कि पार्टी का उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हो गया। कार्यकारिणी उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के अनिल वर्मा निर्वाचित घोषित किए गए। भाजपा खेमे की बात करें तो कार्यकारिणी में आठ में छह सदस्य उपाध्यक्ष बनने का सपना देख रहे थे। महानगर भाजपाध्यक्ष ने किसी को भी मना नहीं किया और सभी से कहा कि वो अपनी तैयारी पूरी रखें। एन मौके तक यह सस्पेंस रहा कि कौन उपाध्यक्ष का प्रत्याशी होगा। जब नामांकन दाखिल करने का वक्त आया तो नगर निगम कार्यकारिणी के सभी आठों सदस्यों यानि पार्षदों को जमा किया गया। महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तौगी ने उन्हें संबोधित किया और कहा कि पार्टी प्रथम है व्यक्ति बाद में हैं। उन्होंने कहा कि मुझ जैसे कार्यकर्ता को महानगर अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है। इसलिए यह हमेशा ध्यान में रखें कि भाजपा में कार्यकर्ता प्रमुख है।उसके बाद उन्होंने पार्षद अनिल वर्मा को उपाध्यक्ष पद के लिए पार्टी का प्रत्याशी होने का एलान कर दिया और कहा कि सभी जाएं और इनका नामांकन दाखिल करा लें। इसके बाद वही हुआ जो भाजपा नेता चाहते थे। सीसीएसयू के अटल सभागार में केवल अनिल वर्मा का नामांकन दाखिल हुआ। विपक्ष की ओर से किसी ने भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया नतीजा यह हुआ कि अनिल वर्मा निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए।
इससे पहले यह हुआ
कार्यकारिणी चुनाव के लिए वैन्यू सीसीएसयू का अटल सभागार बनाया गया था। वहां पर सुबह 11 बजे से
भाजपाई पहुंचने शुरू हो गए थे। इनमें महापौर हरिकांत अहलूवालिया के अलावा भाजपा पार्षद अजय चंद्रा, अरविंद मारवाड़ी, नगर निगम कार्यकारिणी सदस्य नरेश कुमार, दीपक शर्मा, रेखा सोनकर, सत्यपाल सिंह, पूनम गुप्ता के अलावा संदीप रेवड़ी, रामपाल यादव समेत तमाम भाजपाई पार्षद वहां मौजूद थे। कुछ देर बाद महानगर भाजपाध्यक्ष विवेक रस्तौगी भी आ गए। उनके आने के बाद विवेक रस्तोगी, महापौर, अरविंद मारवाड़ी आदि ने एक मिनट बंद कमरे में मंत्रणा की और उसके बाद पार्टी के पार्षदों के बीच आकर वार्ड 62 से पार्षद अनिल वर्मा को उपाध्यक्ष का प्रत्याशी घोषित कर दिया। चुनाव केंद्र पर कुछ देर के लिए भाजपा के बागी व निगम कार्यकारिणी सदस्य संजय सैनी भी पहुंचे थे। हालांकि वो कुछ देर बाद चले गए।
वार्ड-62 के पार्षद अनिल वर्मा पहले से ही नगर निगम की कार्यकारिणी के सदस्य हैं। उपाध्यक्ष पद के चुनाव में उनके सामने भाजपा के बागी पार्षद संजय सैनी संभावित उम्मीदवार माने जा रहे थे, लेकिन उन्होंने नामांकन पत्र तक दाखिल नहीं किया। इसके बाद अनिल वर्मा को निर्विरोध उपाध्यक्ष घोषित कर दिया गया। निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा के बाद भाजपा नेताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिला। अनिल वर्मा के निर्विरोध उपाध्यक्ष बनने पर महापौर हरिकांत अहलूवालिया, भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर और भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा सहित कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी।
कमलदत्त शर्मा ने कहा कि अनिल वर्मा की जीत एक कार्यकर्ता की जीत है। भाजपा कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि उपाध्यक्ष पद पर अनिल वर्मा की जीत के बाद नगर निगम में अब वह और भी बेहतर तरीके से काम कर सकेंगे और जनता की समस्याओं का समाधान कर सकेंगे।