रंगों व संगीत से किया शुभारंभ, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प, संरक्षक विपुल सिंहल ने कराया शानदार आयोजन
मेरठ। मेरठ टेंट डेकोरेटर हायरर्स एसोसिएशन द्वारा आज माल रोड स्थित गुरुकुल मंडप में पारंपरिक उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष पवन अरोड़ा ने की तथा संचालन चेयरमैन नवीन अग्रवाल ने किया।
रंगों के साथ संगीत
कार्यक्रम की शुरुआत रंगों और संगीत की मधुर छटा के साथ हुई। बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देते हुए गीत, नृत्य, चुटकुले और मनमोहक कार्यक्रम पेश कर सभी का मन मोह लिया। कवि ईश्वर चंद गंभीर ने अपनी कविताओं के माध्यम से होली के रंगों को शब्दों में पिरोते हुए सभी को भावविभोर कर दिया। उन्होंने संदेश दिया कि होली पर प्राकृतिक रंगों का उपयोग करें और किसी भी प्रकार के रासायनिक रंगों से बचें।
पारिवारिक सम्मेलन
पारिवारिक सम्मेलन के रूप में आयोजित इस समारोह में सभी सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए कहा कि इस होली पर पानी की बर्बादी नहीं करेंगे और आवश्यकता अनुसार ही पानी का उपयोग करेंगे। समारोह में उपस्थित सभी सदस्यों और उनके परिवारों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं तथा स्वादिष्ट पारंपरिक व्यंजनों—गुजिया, दही भल्ले, कचौरी, नमकीन, मिठाइयों और ठंडाई—का आनंद उठाया।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर संगठन के संरक्षक विपुल सिंघल, अध्यक्ष पवन अरोड़ा, महामंत्री सुशील गर्ग, कोषाध्यक्ष सत्यनारायण गुप्ता, अतुल गुप्ता, देवेंद्र गोयल सहित बड़ी संख्या में टेंट व्यवसायी एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एकजुटता, आपसी सहयोग और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया तथा होली की शुभकामनाओं के साथ समारोह का समापन किया।