यात्रीगण कृपा ध्यान दें ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन रेडी

kabir Sharma
3 Min Read
WhatsApp Channel Join Now
WhatsApp Group Join Now

माधवपुरम, टीपी नगर व आसपास के लोगों को मेट्रो की सुविधा, दिल्ली-गाजियाबाद पहुंचना और आसान, मेट्रो से पहुंच सकते हैं शताब्दी नगर स्टेशन

नई दिल्ली। ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन से बहुत जल्द यात्रियों को मेट्रो की सुविधा उपलब्ध होगी। दिल्ली रोड पर माधवपुरम कॉलोनी के सामने बने इस स्टेशन पर फिनिशिंग कार्य समाप्त हो चुका है। इस स्टेशन को केवल मेरठ मेट्रो के लिए बनाया गया है, जहां सेमी-हाई स्पीड ट्रेन नमो भारत का ठहराव नहीं होगा। इस मेट्रो स्टेशन से ना सिर्फ ब्रह्मपुरी और माधवपुरम बल्कि टीपी नगर और आसपास के निवासियों को काफी सुविधा मिलेगी।ये स्टेशन मेरठ साउथ से मोदीपुरम की दिशा में शताब्दी नगर के बाद आता है। शताब्दी नगर से नमो भारत की सुविधा मिलेगी। ऐसे में यदि किसी यात्री को दिल्ली या गाजियाबाद जाना होगा तो वे ब्रह्मपुरी से मेट्रो लेकर शताब्दी नगर पहुंच सकते हैं और नमो भारत के जरिए अपना सफर कर पाएंगे। वर्तमान में, दिल्ली के न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ के बीच 55 किलोमीटर के सेक्शन में 11 स्टेशनों पर नमो भारत ट्रेन का परिचालन हो रहा है। मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच फिलहाल नमो भारत और मेरठ मेट्रो के ट्रायल रन जारी हैं। ब्रह्मपुरी स्टेशन के बाद से नमो भारत का अंडरग्राउंड सेक्शन शुरू हो जाता है।

मैट्रो के जरिये सफर की सुविधा

ब्रह्मपुरी स्टेशन पर काफी भीड़भाड़ रहने की उम्मीद है, जो रिहायशी कॉलोनियों के करीब है। इस स्टेशन के पास माधवपुरम, ब्रह्मपुरी, इन्द्रा नगर, मेजर ध्यानचंद नगर, शिव शक्ति नगर और गुप्ता कॉलोनी भी हैं। साथ ही दाल मंडी, नवीन मंडी, ट्रांसपोर्ट नगर भी है। यात्री यहां से मेरठ के अंदरुनी हिस्से में मेट्रो के जरिए सफर कर सकेंगे।

चार ट्रैक दो प्लेट फार्म

ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन पर 4 ट्रैक और 2 प्लेटफॉर्म हैं। इनमें दो ट्रैक नमो भारत के लिए हैं जबकि अन्य दो मेरठ मेट्रो के लिए रहेंगे। एंट्री-एग्जिट के लिए मुख्य सड़क के दोनों ओर गेट बनाए गए हैं। स्टेशन के भीतर बाधा रहित प्रवेश और निकास के लिए मुख्यमार्ग के साथ ही सर्विस लेन बनाई गई है। इस सर्विस लेन पर स्टेशन की ओर आने-जाने वाले वाहन आ जा सकते हैं। मुख्य मार्ग पर यात्रियों को उतारने या बैठाने के लिए वाहन नहीं रोके जाएंगे। ये लेन एनसीआरटीसी अपने प्रत्येक स्टेशन पर बनाता है। देश में पहली बार सेमी हाई-स्पीड ट्रेन नमो भारत के ही इन्फ्रास्ट्रक्चर पर मेरठ मेट्रो का परिचालन होगा। मेरठ में मेरठ साउथ से आगे मोदीपुरम डिपो स्टेशन तक 23 किमी के सेक्शन पर 13 स्टेशनों के बीच मेट्रो का परिचालन होगा।

- Advertisement -
WhatsApp Channel Join Now
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *