किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला व पूर्व एमएलसी हरेन्द्र अग्रवाल भाजपा पर बरसे, मीडिया से मुखातिब थे दोनों बड़े नेता, देशवासियाें से संविधान बचाने का आह्वान
मेरठ। किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला व पूर्व एमएलसी हरेन्द्र अग्रवाल ने भाजपा पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि संविधान के लिए भाजपा खतरा बन गयी है। उन्होंने SIR को वोट चोरी की संज्ञा देते हुए देश के लोगों से संविधान की रक्षा का आह्वान किया। दरअसल दोनों नेता प्रेस से बात कर रहे थे। उन्होंने संविधान बचाने के लिए सौ दिन का जनांदोलन का एलान किया। इस दौरान केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पर लोकतंत्र को कमजोर करने, गरीब-किसान विरोधी नीतियां अपनाने और मतदाता अधिकारों पर हमला करने के गंभीर आरोप लगाए गए।
घबरायी हुई है भाजपा
उन्हाेंने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह से घबराई हुई है और आगामी चुनावों को देखते हुए वोट चोरी, मतदाता सूची से नाम काटने तथा Special Intensive Revision (SIR) के जरिए लोकतंत्र को प्रभावित करने का षड्यंत्र कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार मनरेगा जैसी ऐतिहासिक योजना को खत्म करने की साजिश कर रही है। मनरेगा कांग्रेस सरकार की देन है, जिसे वर्ष 2006 में लागू किया गया था। इस योजना ने ग्रामीण भारत को रोजगार की गारंटी दी, महिलाओं को सम्मान और ग्राम सभाओं को अधिकार दिए। चाहे वैश्विक आर्थिक मंदी हो या कोविड जैसी महामारी, मनरेगा ग्रामीण भारत के लिए जीवनरेखा साबित हुई है।
नहीं कमजोर करने देंगे मनरेगा
अखिलेश शुक्ल ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस पार्टी मनरेगा को कमजोर नहीं होने देगी और यदि जरूरत पड़ी तो इसके लिए राज्यव्यापी जनआंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस की मांग है कि मनरेगा मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी 400 रुपये प्रतिदिन सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आगामी 100 दिनों में प्रदेशभर में 30 से अधिक संविधान संवाद महापंचायतें आयोजित की जाएंगी। इसकी शुरुआत 24 जनवरी 2026 को सीतापुर से होगी, जिसके बाद लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, सहारनपुर, प्रतापगढ़ सहित पूरे प्रदेश में बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
हरेंद्र अग्रवाल ने SIR को बताया लोकतंत्र पर हमला
पूर्व विधायक हरेंद्र अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र से डर गई है और इसी डर के कारण वह चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप कर रही है। मतदाता सूचियों से नाम काटना और वास्तविक मतदाताओं को परेशान करना लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने Special Intensive Revision–2026 की निगरानी के लिए सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों और पूर्व विधायकों की मॉनिटरिंग कमेटियां गठित की हैं। एक माह के भीतर गलत तरीके से काटे गए नामों को फॉर्म-6 के माध्यम से पुनः मतदाता सूची में जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए बूथ स्तर पर 1600 कोऑर्डिनेटर पहले ही नियुक्त किए जा चुके हैं।
कांग्रेस के 140 वर्ष, पूरे प्रदेश में होंगे कार्यक्रम
प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी बताया गया कि कांग्रेस पार्टी अपनी स्थापना के 140 गौरवशाली वर्ष पूर्ण कर चुकी है। इस अवसर पर 28 दिसंबर 2026 तक प्रदेश के सभी मंडल मुख्यालयों एवं प्रमुख शहरों में कार्यक्रम, गोष्ठियां एवं कांग्रेस के ऐतिहासिक संघर्षों पर आधारित फोटो प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। मेरठ, आगरा, लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गाजियाबाद, सहारनपुर सहित कई जिलों में कार्यक्रम होंगे।
ये रहे मौजूद
प्रेस कॉन्फ्रेंस में गौरव भाटी, सय्यद आमिर रज़ा, ठाकुर तेजवीर, सुनीता मंडल, राकेश कुशवाहा, अरुण कौशिक, अभिमन्यु त्यागी, योगी जाटव, शिवा सैनी, हेमंत प्रधान, एस.के. शाहरुख, उमरदराज़, रमाकांत शर्मा, नेमपाल तोमर, उवैस अंसारी, यासर सैफी, अताउल्ला शेख सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।