19 से 21 तक को संघ प्रमुख का प्रवास, 22 को पीएम मोदी व सीएम योगी शहर में, अफसरों की अग्नि परीक्षा, संघ प्रमुख का कार्यक्रम भी पीएम सरीखा
मेरठ। शहर में बैक टू बैक तीन वीवीआईपी कार्यक्रमों के चलते अधिकारियों की सांसें फूली हुई हें और तीनों ही वीवीआईपी के लिए व्यवस्था खासतौर से सुरक्षा के इंतजाम करना कोई आसान काम नहीं है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 19 से 21 फरवरी 2026 तक मेरठ के दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में, वह माधव कुंज में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रबुद्धजनों, 500 खिलाड़ियों-प्रशिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। यह आयोजन सामाजिक समरसता और राष्ट्र प्रेम के उद्देश्य से किया जा रहा है। इस दौरान वह खिलाड़ियों से रूबरू होंगे। संघ के स्तर से भी इसके लिए पर्याप्त तैयारी कर ली गयी हैं। हालांकि संघ के पदाधिकारी आमतौर पर अपने कार्यक्रमों और तैयारियों को मीडिया से शेयर नहीं करते फिर संघ प्रमुख मोहन भागत का कार्यक्रम तो संघ के स्थानीय पदाधिकारियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण भरा ठहरा। संघ परिवार के कार्यकर्ता कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारी कर रहे हैं, जिसमें 20,000 से अधिक लोगों की भागीदारी की संभावना है। वहीं दूसरी ओर अफसरों की यदि बात करें तो उनके लिए किसी अग्नि परीक्षा सरीखा समय है।
कई खिलाड़ियों को निमंत्रण
संघ प्रमुख के इस कार्यक्रम के लिए कई खिलाड़ियों को निमंत्रण भेजा गया है। यह बात अलग है कि उनमें से कितने खिलाड़ी यहां आ पाएंगे। सूत्रों ने बताया कि खिलाड़ियों को निमंत्रण की वजह समरसता पर खिलाड़ी क्या सोचते हैं, यह जानना आवश्यक है। क्योंकि संघ के पंच परिवर्तन में समरसता प्रमुख है। इस कड़ी में जिन्हें निमंत्रण भेजा गया है उनमें भुवनेश्वर, सुरेश रैना, प्रवीण कुमार, अर्जुन अवार्डी अलका तोमर समेत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को आमंत्रित किया गया है। खिलाड़ियों से अनुभव पूछे जाएंगे, वहीं उनके प्रश्नों का जवाब डा. मोहन भागवत देंगे।
मेरठ व ब्रज प्रांत से करीब पांच सौ
कार्यक्रम को लेकर यह भी जानकारी दी गयी है कि मेरठ और ब्रज प्रांत से करीब पांच सौ खिलाड़ी इसमें मौजूद रहेंगे। यहां बता दें कि संघ की शाखाओं में खेल कूद को प्रमुखता दी जाती है। मेरठ में इस आयोजन को करने का एक बड़ा कारण उप्र में खेल का वातावरण बदलने का प्रयास तेजी से किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेश का पहला राज्य खेल विश्वविद्यालय मेरठ के सलावा में निर्माणाधीन है। इसके प्रथम कुलपति रिटायर्ड मेजर जनरल दीप अहलावत हैं। इस साल इसमें अध्यापन शुरू करने की तैयारी है। मोहन भागवत के मंच पर खिलाड़ियों वाले सत्र में दीप अहलावत को अध्यक्षता की भूमिका दी जाएगी।