ताकि सलामत रहे रोटी रोजगार

kabir Sharma
3 Min Read
WhatsApp Channel Join Now

सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों की आवाज बनी संयुक्त व्यापार समिति, पीएम से पांच मिनट मिलवाने का आग्रह, मंडलायुक्त को दिया ज्ञापन

मेरठ। यूं कहने को शहर में दो-दो व्यापार संघ हैं, लेकिन कोई भी सेंट्रल मार्केट के व्यापार संघ के व्यापारियों जिन पर सुप्रीमकोर्ट के आदेश पर उजाड़ दिए जाने की तलवार लटकी है, उनकी आवाज उठाने को राजी नहीं। अब संयुक्त व्यापार समिति व ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन मेरठ सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों की आवाज बने हैं। इन्होंने मंडलायुक्त की मार्फत पीएम मोदी से पांच मिनट की मुलाकात का वक्त मांगा है ताकि सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों की व्यथा कथा पीएम मोदी को सुना सकें।

मंडलायुक्त को ज्ञापन

मंडलायुक्त को दिए गए ज्ञापन में विपुल सिंहल ने कहा है कि महानगर के सेंट्रल मार्केट शास्त्री नगर इलाके के व्यापारियों की आजीविका बचाने के लिए प्रधानमंत्री से 5 मिनट का समय व स्थल निरीक्षण करने का वो आग्रह करना चाहते हैं। उनके संज्ञान में लाया गया कि सेंट्रल मार्केट, शास्त्री नगर, मेरठ में सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में अवैध घोषित दुकानों के ध्वस्तीकरण के निर्देश जारी किए गए हैं। इस निर्णय से लगभग 1478 भूखंडों पर स्थित 5000 से अधिक दुकानदार तथा उनसे जुड़े लगभग 1 लाख कर्मचारी, मजदूर व परिवारजन की आजीविका पर गहरा संकट आ गया है। दशकों से स्थापित छोटे-मझोले व्यापारी, जिनका पूरा जीवन इस व्यापार पर निर्भर है, आज भारी असमंजस और मानसिक पीड़ा में हैं।

मानवीय दृष्टिकोण से ऊपर कुछ नहीं

विपुल सिंहल का कहना है कि कानून अपनी जगह है, लेकिन मानवीय दृष्टिकोण से ऊपर कुछ भी नहीं है। ज्ञापन में कहा गया है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” का मंत्र हमें आशा देता है कि छोटे व्यापारियों की समस्याओं को मानवीय दृष्टि से सुना जाएगा। कानून और न्यायपालिका का सम्मान करते हुए यह निवेदन किया कि व्यापारियों के नियमितीकरण हेतु कोई न्यायसंगत समाधान निकाला जाए, जिससे हजारों परिवार सड़क पर आने से बच सकें। पीएम मोदी 22 फरवरी को जब मेरठ में रैपिड ट्रेन उद्घाटन आए तो उसी दौरान सेंट्रल मार्केट का भी निरीक्षण कर लें। इसके अलावा वो पांच मिनट के लिए प्रतिनिधि मंडल से भी मिल सकते हैं।

ये रहे मौजूद

मंडलायुक्त को ज्ञापन देने वालों में विपुल सिंहल, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन अध्यक्ष गौरव शर्मा, संयुक्त व्यापार समिति के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, महामंत्री विपुल सिंघल, अरविंद चौधरी, हेमंत बैजल, प्रफुल्ल सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

- Advertisement -
WhatsApp Channel Join Now
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *