बोले मोहिउद्दीनपुर में मैट्रो स्टेशन बने, भारतीय किसान यूनियन इंडिया के अध्यक्ष ने बतायी स्टेशन की जरूरत, पीएम मोदी को लिखा पत्र
मेरठ। भारतीय किसान यूनियन इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप तितौरिया ने मेरठ के प्रथम ग्राम व वर्तमान में नई टाउनशिप विकसित करने हेतु चयनित ग्राम मोहिउद्दीनपुर में मेरठ मैट्रो व नमो भारत मैट्रो स्टेशन के निर्माण कराने हेतु मांग की। प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में तितौरिया ने मेरठ में नमो भारत मैट्रो व मेरठ मैट्रो का संचालन शुरु करने पर धन्यवाद देने के साथ ही अवगत कराया कि जिला गाजियाबाद के बाद मेरठ जिले के प्रथम ग्राम मोहिउद्दीनपुर में शुगर मिल भी है और नई टाउनशिप विकसित करने हेतु इसी ग्राम का चयन किया गया है और एक लिंक रोड खरखौदा होते हुए हापुड़ से जुड़ती है और दूसरी लिंक रोड सिवाल होते हुए बागपत से मिलती है।
विधायक पर अनदेखी का आरोप
उन्होंने पत्र में बताया है कि कुछ राजनीतिक कारणों व क्षेत्रीय विधायक की हठधर्मिता के कारण मोहिउद्दीनपुर ग्राम की अनदेखी कर भूड़बराल ग्राम में मेरठ साउथ नाम से स्टेशन बनाया गया है जो मोहिउद्दीनपुर ग्राम से लगभग तीन किलोमीटर दूर है तथा दूसरा स्टेशन मोदीनगर में लगभग नौ किलोमीटर है। जिससे आस-पास व लिंक रोड पर स्थित ग्रामों की जनता में काफी रोष है। इस ग्राम में स्टेशन न बनना इस ग्राम की जनता के साथ सौतेला व्यवहार है। जबकि ग्राम मोहिउद्दीनपुर में सरकारी शुगर मिल भी है और स्टेशन हेतु सरकारी जमीन भी है। यहां सरकारी शुगर मिल होने के कारण शुगर मिल के अधिकारियों व कर्मचारियों का भी आना जाना लगा रहता है। यदि वहां पर मैट्रो स्टेशन नहीं बनाया गया तो भविष्य में यह बड़ी समस्या बन सकती है। इसलिए भविष्य में होने वाली टाउनशिप के विकास व जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए मोहिउद्दीनपुर ग्राम में नमो भारत व मेरठ मैट्रो के स्टेशन के निर्माण की मांग की गई।