पत्नी पर लगाया सौरभ की तर्ज पर नीले ड्रम में पैक करने की धमकी का आरोपE दवा में मिला दिया जहर, होश आया तो बताया


मेरठ। शहर के निजी अस्पताल में भर्ती एक शख्स इतना ज्यादा खौफजदा था कि होश में आने के बाद पत्नी के खौफ से उसने अस्पताल छोड़ने व घर जाने से ही इंकार कर दिया। उसने आरोप लगाया कि पत्नी सौरभ राजपूत की तर्ज पर नीले ड्रम में पैक करने की धमकी दे रही है। पत्नी ने पहले तो पति का सौरभ जैसा हश्र करने की धमकी दी। इसके बाद शनिवार को दवा में जहरीला पदार्थ मिलाकर पति को पिला दिया। जिसके बाद पति को परिवार वालों ने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सोमवार को नदीम को होश आया तो डॉक्टर उसकी छुट्टी कर उसे घर भेजने लगे। लेकिन नदीम ने घर जाने से इंकार कर दिया। उसने कहा उसकी पत्नी उसका सौरभ हत्याकांड जैसा हाल करने की धमकी दे रही है। उसकी पत्नी अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर उसे नीले ड्रम में डालने की बात कह रही है। वहीं दूसरी ओर पत्नी ने तमाम आरोप खारिज करते हुए एसएसपी आॅफिस पहुंचकर खुद की जान को पति से खतरा बताते हुए कहा कि पति की मौत की खुशी में बिरयानी की 6 देग बांटेगी। वही पति नदीम ने का कहना है कि पत्नी उसकी हत्या की प्लानिंग के साथ-साथ उसकी मौत की दुआ भी कर रही थी। और उसकी मौत के बाद खुशी में 6 बिरयानी की देग बांटने की बात भी कही। पुलिस जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रही है।
शहर के लोहियानगर के नदीम की करोड़ों की संपत्ति है, कुछ संपत्ति पत्नी के नाम की हुई है। नदीम का आरोप है कि उसकी पत्नी का शाहिद नाम के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। पत्नी ने एक प्लॉट अपने प्रेमी के नाम कर दिया। जानकारी मिलने पर घर पर विवाद होने लगा। नदीम के अनुसार उसकी पत्नी इसी के चलते अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या की प्लानिंग बना रही थी।
नदीम का आरोप है कि 19 अप्रैल को उसकी पत्नी ने दवा के साथ उसे जहरीला पदार्थ दे दिया था तभी से वह अस्पताल में भर्ती है। नदीम की मंजू के साथ 8 साल पहले शादी हुई थी। उनके तीन बच्चे हैं। सुलतान (6), सुबहान (5)और उमर (3)है। मंजू का मायका भी शहर का ही है। मंजू ने बताया कि उसके पति ने खुद जहरीला पदार्थ खाया है और अस्पताल मे भर्ती हुआ है। वो कई शादी कर चुका है। मंजू का आरोप है कि उसका पति उसकी हत्या करना चाहता है। और झूठी साजिश के तहत उसे फंसा रहा है।
पुलिस का कहना है कि पति-पत्नी का विवाद है। दोनों एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं, मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।